मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक सत्र संचालन की तैयारियों के लिए व्यवस्थाएं अंतिम चरण में, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
कलेक्टर ने एनएमसी मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नए शैक्षणिक सत्र के लिए आयुष चिकित्सालय भवन में विकसित की गई है आवश्यक सुविधाएं
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । जिले में मेडिकल कॉलेज के नए शैक्षणिक सत्र के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेडिकल कॉलेज को संचालित करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने तथा उन्हें उच्च गुणवत्ता के अनुरूप तैयार रखने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज का संचालन प्रारंभिक चरण में पूर्व से संचालित आयुष चिकित्सालय भवन में किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों के अध्ययन, प्रशिक्षण और प्रशासनिक कार्यों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लेक्चर हॉल, विभागाध्यक्ष कक्ष, फैकल्टी रूम, डेमोंस्ट्रेशन रूम, प्रयोगशाला कक्ष, पुस्तकालय, प्रशासनिक कक्ष एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आवश्यक फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इसके पहले उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने अस्पताल में आईसीयू, विभिन्न वार्डों, चिकित्सकीय उपकरणों, मरीजों के उपचार संबंधी सुविधाओं तथा मेडिकल शिक्षा के लिए आवश्यक अन्य अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध शिक्षण अस्पताल के लिए निर्धारित सभी मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण रखें। कलेक्टर वर्मा ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध डॉक्टर रेजिडेंस हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ के लिए आवासीय परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही मेडिकल कॉलेज से संबद्ध 220 बिस्तरीय अस्पताल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उल्लेखनीय है कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाए। इस दौरान सीएमएचओं डाॅ. डीके तुरे, डीन डाॅ. अजय पुसाम, अधीक्षक डाॅ. एसएस ठाकुर, सिविल सर्जन, डाॅ. केशव धु्रव, डाॅ. हर्षित टुवानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

