ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई, 54 हजार रुपये का गांजा जब्त
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 3 किलो 653 ग्राम गांजा बरामद; एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
मुंगेली । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। Bhojram Patel के निर्देशन में साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री में संलिप्त एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 653 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में नशे के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Navneet Kaur Chhabra तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लोरमी Harvinder Singh के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गातापार स्कूल मैदान के पास रहने वाली एक महिला अपने साथी के साथ अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम गातापार पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी गुलाबा बाई मंगेशकर (45 वर्ष), निवासी गातापार स्कूल मोहल्ला, थाना चिल्फी के घर से बैंगनी रंग के टूरिस्टर बैग में रखे दो पैकेट गांजा बरामद किए। पहले पैकेट का वजन 876 ग्राम तथा दूसरे पैकेट का वजन 973 ग्राम पाया गया। इस प्रकार महिला आरोपी के कब्जे से कुल 1 किलो 849 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान महिला के साथ मौजूद उसके साथी अमित कुमार खांडे (40 वर्ष), निवासी लमकेना, थाना Kota जिला बिलासपुर की भी तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद गुलाबी रंग के थैले से दो अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। पहले पैकेट का वजन 898 ग्राम और दूसरे पैकेट का वजन 906 ग्राम निकला। इस तरह आरोपी अमित कुमार खांडे के कब्जे से कुल 1 किलो 804 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों से कुल 3 किलो 653 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 54 हजार रुपये आंकी है। जप्ती कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना चिल्फी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और वे गांजा कहां से लाकर सप्लाई कर रहे थे।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, पीएसआई केसो राम देवांगन, साधना यादव तथा साइबर सेल और थाना चिल्फी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
