’’एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान से हरित हो रहा कबीरधाम, लगभग 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य
फलदार एवं बांस के पौधों के निःशुल्क वितरण से हरियाली को मिलेगा बढ़ावा
30 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ कबीरधाम जिले में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और भावनात्मक जुड़ाव का एक प्रेरणादायी जनआंदोलन बनता जा रहा है। जिले में इस वर्ष लगभग 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी प्राप्ति के लिए वन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ किए गए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान को जिले में विशेष प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा किसानों, नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से पौधरोपण एवं पौध वितरण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 4 लाख पौधे वन क्षेत्र में रोपे जाएंगे, जिससे वनावरण में वृद्धि होगी और जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत जिले के किसानों को 3 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इस योजना से किसान अपनी कृषि भूमि की मेड़ों एवं अनुपयोगी भूमि पर पौधरोपण कर भविष्य में अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।
वन विभाग द्वारा हरियाली प्रसार योजना के अंतर्गत पौधा तुंहर दुआर कार्यक्रम भी संचालित किया जाएगा। इसके तहत नगरीय निकाय क्षेत्रों में ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका शुभारंभ जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। वन मंडलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत 1 लाख फलदार पौधों एवं 90 हजार बांस के पौधों का भी निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। फलदार पौधे जहां पोषण सुरक्षा एवं आर्थिक लाभ का माध्यम बनेंगे, वहीं बांस के पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करेंगे।
वन मंडलाधिकारी अग्रवाल ने बताया कि यह विशेष अभियान 30 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों को जानकारी दी कि वन विभाग द्वारा ’लालपुर नर्सरी में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक नागरिक वहां से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सहभागी बन सकते हैं।
कबीरधाम जिले में एक पेड़ माँ के नाम अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक चेतना का भी माध्यम बन रहा है। पौधरोपण के इस व्यापक अभियान से जिले का हरित आवरण बढ़ेगा, भू-जल संरक्षण को बल मिलेगा, जैव विविधता समृद्ध होगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। यह अभियान आज जनभागीदारी और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है।
अभियान की शुरुआत से ही लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्कूलों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शासकीय कार्यालयों में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

