प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नेतृत्व में जिला जेल का निरीक्षण
बंदियों की सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कौशल विकास गतिविधियों का लिया गया जायजा
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित ‘‘बोर्ड ऑफ विजिटर्स’’ तथा ‘‘एम्पावर्ड समिति’’ द्वारा आज जिला जेल, कबीरधाम का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उच्चतम न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन (सिविल) सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य तथा सतेन्द्र कुमार अंतिल बनाम सीबीआई एवं अन्य प्रकरणों में पारित आदेशों के परिपालन में किया गया। निरीक्षण दल का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कु. संघरत्ना भतपहरी ने किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमन तिग्गा, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा जेल मैनुअल-2016 के तहत गठित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जेल के विभिन्न बैरकों, स्नानागारों, स्वच्छता व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित जेल परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। समिति ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि जेल परिसर में किसी प्रकार की जाति आधारित भेदभावपूर्ण प्रथाएं संचालित न हों तथा सभी बंदियों को समान रूप से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हों। निरीक्षण दल ने बैरकों की क्षमता एवं उनमें रखे गए बंदियों की संख्या, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, रसोईघर की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था तथा बंदियों के लिए उपलब्ध अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके साथ ही बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से खेलकूद एवं व्यायाम संबंधी उपलब्ध संसाधनों तथा प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कु. संघरत्ना भतपहरी ने निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बंदियों के लिए खेलकूद सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौशल विकास संबंधी गतिविधियां प्रारंभ करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में संचालित बागवानी एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। समिति ने जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की तथा पाया कि अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

