बकरा-बकरी चोरी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260628-WA0968

रतनपुर पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, डेढ़ लाख नकद और स्कॉर्पियो जब्त

बिलासपुर/रतनपुर। जिले में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं के बीच रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बकरा-बकरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बिक्री से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून 2026 को थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 जून की रात रोजाना की तरह वह अपने 4 नग बकरे और 15 नग बकरियों को जंगल से चराकर घर लाया और बकरी कोठा में बंद कर परिवार सहित सो गया। अगले दिन सुबह जब वह उठा तो देखा कि कोठा की ईंट की दीवार तोड़कर अज्ञात चोर उसके सभी पशु चोरी कर ले गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल बिलासपुर और थाना रतनपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

NTPC World Environment Day

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे आसपास के गांवों में स्कार्पियो वाहन से घूमकर खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने रेकी करते थे। इस दौरान जहां भी बकरा-बकरी अधिक संख्या में दिखाई देते, वहां रात में चोरी की योजना बनाते और वारदात को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम चकराभाठा से 19 नग बकरा-बकरी चोरी की थी और उन्हें 1.75 लाख रुपये में बेच दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बिक्री की रकम में से 25 हजार रुपये खर्च किए जा चुके थे। पुलिस ने शेष 1.50 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन Khan (41), हबीम खान (35), शाहरूख खान (22) निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर तथा मोहम्मद अछछन (33) निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में कर्रा, थाना रतनपुर क्षेत्र में निवासरत थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो भी जब्त की है, जिसका उपयोग चोरी की वारदातों में किया जाता था। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, सैय्यद अकबर अली, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी तथा साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का संदेश: चोरी करने वालों को नहीं मिलेगी राहत

रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!