‘सशक्त’ ऐप से खुला बाइक चोर गिरोह का राज
सरकंडा पुलिस ने दो शातिर वाहन चोर दबोचे, चोरी की 5 गाड़ियां बरामद
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की डिजिटल पहल ‘सशक्त’ मोबाइल एप एक बार फिर अपराधियों पर भारी साबित हुई है। सरकंडा पुलिस ने इस अत्याधुनिक एप की मदद से दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की 5 दोपहिया गाड़ियों को बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सरकंडा क्षेत्र के विवेकानंद नगर मोपका निवासी कमलेश चंद्राकर ने 14 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जून की रात वह अपनी एक्टिवा स्कूटी (CG 10 BN 1325) को लॉक कर अपने मित्र के घर के बाहर खड़ी कर अंदर गया था। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली। अज्ञात चोर द्वारा लगभग 30 हजार रुपये कीमत की स्कूटी चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य और मोपका चौकी प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही सुजल दर्वे उर्फ रिंकू के पास चोरी की मोटरसाइकिल है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। संदेहियों के पास मिली एक्टिवा स्कूटी को जब ‘सशक्त’ ऐप में जांचा गया तो वह चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा कर दिया। आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले दो वर्षों (2025 और 2026) से सरकंडा और मोपका क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। चोरी की गाड़ियों को बेहद कम कीमत पर बेचकर वे ऐशो-आराम और शौक पूरे करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र भुनेश्वर (22 वर्ष) और सुजल दर्वे उर्फ रिंकू (24 वर्ष) शामिल हैं। दोनों आरोपी खाल्हेपारा मोपका, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने जुलाई 2025 में विवेकानंद कॉलोनी मोपका से एक ब्राउन एक्टिवा स्कूटी चोरी कर 10 हजार रुपये में बेच दी थी। अक्टूबर 2025 में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पार की। फरवरी 2026 में गोडपारा साईं मंदिर के पास से ग्रे रंग की एक्टिवा चोरी कर 5 हजार रुपये में बेची, जबकि जून 2026 में ठाकुर देव मंदिर मोपका के पास से एक यामाहा बाइक चोरी कर मात्र 2 हजार रुपये में बेच दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मूल एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 5 वाहन बरामद कर जब्त कर लिए हैं। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
चोरी का माल खरीदने वालों को भी चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले लोग भी कानून की नजर में समान रूप से दोषी हैं। बिना दस्तावेज सस्ते दामों पर वाहन खरीदने वालों पर भी अब जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराधी हो या उसके मददगार—किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
