जरहागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़

0
IMG-20260628-WA1136

मनियारी नदी किनारे बाड़ी में उगा रहा था गांजा, 3.650 किलो पौधे सहित आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जरहागांव पुलिस ने अवैध गांजा खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.650 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करी, अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को 27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा में एक व्यक्ति मनियारी नदी किनारे अपनी सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे का उत्पादन कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई की।

NTPC World Environment Day

छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी की बाड़ी में 3 नग हरे पत्तीदार गांजे के पौधे उगे हुए मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों की उपस्थिति में पौधों की पहचान सुनिश्चित की। जांच में यह पुष्टि हुई कि पौधे गांजे के ही हैं। इसके बाद पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान भैयालाल धुरी (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय विश्राम धुरी, निवासी ग्राम अमोरा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई। आरोपी द्वारा अवैध रूप से गांजा उगाए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत धारा 20(ए) नारकोटिक्स एक्ट में मामला दर्ज किया।

जब्त गांजा पौधों का कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, प्रधान आरक्षक महेश राज, भुवन चतुर्वेदी, आरक्षक पेखन गेंदले, बसंत पैकरा और उमेश सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।

नशा कारोबारियों को पुलिस की कड़ी चेतावनी

मुंगेली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, तस्करी और मादक पदार्थों की खेती करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की मुहिम और प्रभावी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!