लगातार बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा, 4 मोटरसाइकिल समेत पार्ट्स बरामद
पंडरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक अपचारी बालक व एक आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत थाना पंडरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक अपचारी बालक और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल के इंजन, चेचिस और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना पंडरी पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के दौरान पकड़े गए अपचारी बालक से पूछताछ में सामने आया कि उसने रायपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से कई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाकर उनकी पहचान छिपाने का प्रयास करता था। इसके बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके इंजन, चेचिस और अन्य पार्ट्स अलग-अलग बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी आसिफ बेग (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचने का काम करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें हीरो एच.एफ. डिलक्स (CG 28 H 8076), हीरो स्प्लेंडर, हीरो होंडा एच.डी. डिलक्स और स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी आसिफ बेग के कब्जे से चोरी की गई एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल के इंजन, चेचिस नंबर सहित अन्य पार्ट्स भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में कुल 05 जप्तियां की गई हैं, जिनमें 04 मोटरसाइकिलें और 01 मोटरसाइकिल के पार्ट्स शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी आसिफ बेग, पिता नसीब बेग, मूल निवासी भाटापारा, जिला बलौदाबाजार का रहने वाला है और वर्तमान में मोवा क्षेत्र में रह रहा था। वहीं अपचारी बालक की पहचान विधि अनुसार गोपनीय रखी गई है।
वाहन मालिकों से पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें, अतिरिक्त सुरक्षा लॉक का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

