फरार हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

0
IMG-20260630-WA0055

हत्या के प्रयास मामले में लंबे समय से फरार आरोपी रायपुर पुलिस के शिकंजे में, आर्म्स एक्ट में भी केस दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा हिस्ट्रीशीटर आरोपी गौरव हेपट आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, थाना डी.डी. नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 409/2025 में आरोपी गौरव हेपट हत्या के प्रयास के मामले में नामजद था और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।

लंबित गंभीर प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर विशेष अभियान चलाया गया।

NTPC World Environment Day

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी के संभावित ठिकानों की तकनीकी निगरानी शुरू की। लगातार दबिश और निगरानी के बीच पुलिस को गौरव हेपट की मौजूदगी संबंधी महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद तलाशी में आरोपी के कब्जे से 01 नग अवैध पिस्टल और 01 नग जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में गौरव हेपट ने खुलासा किया कि फरारी के दौरान वह दमन और दीव, बिलासपुर और धमतरी के अलग-अलग स्थानों पर रहकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब उन लोगों और स्थानों की भी जांच कर रही है, जहां आरोपी ने शरण ली थी।

पुलिस ने आरोपी को हत्या के प्रयास वाले प्रकरण में गिरफ्तार करने के साथ ही उसके कब्जे से मिले हथियार और कारतूस के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। बरामद पिस्टल और कारतूस को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गौरव हेपट (29 वर्ष) थाना कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, नारकोटिक्स, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं।

अपराधियों पर लगातार सख्ती

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, हथियारबंद अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!