पहली बारिश में खुली विकास कार्यों की पोल, सिकोसा–अरमरीकला मार्ग बना दलदल स्कूली बच्चे, राहगीर और वाहन चालक परेशान; ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

0
IMG-20260705-WA0389

रिपोर्टर ✒️ बसंत कुमार

बालोद। जिले के गुण्डरदेही विकासखंड में सिकोसा से बेलौदी, सतमरा, सियनमरा होते हुए अरमरीकला को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग पहली ही बारिश में बदहाल हो गया है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष बारिश के मौसम में इस सड़क की बदहाली सामने आती है, लेकिन इस बार स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। शासन और संबंधित विभाग द्वारा सड़क मरम्मत के दावे किए गए थे, लेकिन बारिश शुरू होने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

NTPC World Environment Day

सड़क पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाकर निकलना पड़ रहा है, जबकि चारपहिया और भारी वाहन भी मुश्किल से गुजर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहता है।

सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है। बच्चों को कीचड़ और पानी से भरे मार्ग से पैदल अथवा साइकिल से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क पर जमा कीचड़ और गंदा पानी उनके कपड़ों पर उछल जाता है, जिससे उन्हें असुविधा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल भी हो जाते हैं। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका आरोप है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सिकोसा–अरमरीकला मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

पहली ही बारिश में सड़क की बदहाल तस्वीरों ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर टिकी हैं कि आखिर इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत कब शुरू होगी और ग्रामीणों को राहत कब मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!