महिला मोर्चा का बूथ स्तर तक डिजिटल सशक्तिकरण अभियान शुरू
भाजपा की जिला स्तरीय डिजिटल लर्निंग कार्यशाला संपन्न, हर बूथ सखी को ‘डिजिटल सखी’ बनाने का संकल्प
रत्नावली कौशल बोलीं—तकनीकी रूप से सशक्त महिला कार्यकर्ता ही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगी
सारंगढ़-बिलाईगढ़। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में ‘डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम’ के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक गतिविधियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को डिजिटल माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी गीतांजलि पटनायक एवं जिला सहप्रभारी रत्नावली कौशल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मंडलों से आई महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और संगठनात्मक कार्यों को तकनीकी माध्यम से संचालित करने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सहप्रभारी एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी का स्पष्ट निर्देश है कि इस अभियान को जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को साकार करने के लिए महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता का तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है। जब प्रत्येक बूथ सखी डिजिटल रूप से सक्षम होगी, तभी सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण आने वाले नगरीय निकाय चुनाव सहित भविष्य के सभी चुनावों में संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग आज संगठनात्मक कार्यों की आवश्यकता बन चुका है और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भाजपा को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी।
कार्यशाला के दौरान सभी पदाधिकारियों को भाजपा के आधिकारिक ‘सरल ऐप’ के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में वीडियो लेक्चर, ई-लर्निंग सामग्री और लाइव डेमो के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग, संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन तथा ऑनलाइन संवाद की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल प्रतिभागियों को डिजिटल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी महिला पदाधिकारियों ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे अपने-अपने मंडलों में जाकर प्रत्येक बूथ सखी को डिजिटल सखी बनाने का अभियान तेज गति से चलाएंगी। संभाग, जिला और विधानसभा स्तर पर नियुक्त महिला प्रभारियों के माध्यम से यह प्रशिक्षण बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि संगठन की डिजिटल पहुंच और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वैजयंती लहरे, जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री रागिनी केसरवानी, शिवानी साहू, गणेशी चौहान, ज्योति श्रीवास, विमला कुर्रे, सरिता बंजारे, सुकृता कोसले, रामशिला साहू, पुष्पा साहू, नंदिनी साहू, सविता गढ़तिया, हेमंती भारती, सरिता जांगड़े सहित जिले के सभी मंडलों की महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

