भरारी ग्रामसभा में खरीफ फसल सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित, आवारा पशुओं के लिए गौठान और चौकीदार की होगी व्यवस्था

0
IMG-20260713-WA0438

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

मस्तूरी । ग्राम पंचायत भरारी में 12 जुलाई 2026 को आयोजित ग्रामसभा में गांव के विकास, खरीफ फसल की सुरक्षा, स्वच्छता, सिंचाई, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों, ग्रामीणों एवं पंचायत सदस्यों ने सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनके क्रियान्वयन पर सहमति जताई गई।

ग्रामसभा में खरीफ सीजन के दौरान किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि सभी आवारा मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौठान में रखा जाएगा, जहां उनके रहने, चारा और पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पशुओं को चराने के लिए चरवाहे की नियुक्ति तथा खेतों की सुरक्षा के लिए चौकीदार (रखवार) की व्यवस्था भी की जाएगी।

NTPC World Environment Day

बैठक में चरवाहों को निर्देशित करने का निर्णय लिया गया कि वे प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे के बीच गांव के पशुओं को चराने के लिए ले जाएं और शाम 4 बजे तक वापस लेकर आएं, ताकि किसानों की खरीफ फसलों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

ग्रामसभा में लीलागर नदी तट स्थित सामूहिक उद्वहन सिंचाई योजना के मोटर, स्टार्टर एवं पाइपलाइन की मरम्मत कर किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था सुचारू होने से खेती को काफी लाभ मिलेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि ग्राम पंचायत भरारी क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नया मकान बनाने से पहले ग्राम पंचायत एवं संबंधित हल्का पटवारी से अनुमति प्राप्त करेगा। बिना अनुमति निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा।

ग्राम पंचायत द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा वृक्षारोपण अभियान में सभी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और गांव को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

ग्रामसभा में शासकीय भूमि पर बने अनुपयोगी गड्ढों एवं घुरवों को समतल करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में बताया गया कि कई स्थानों पर पानी जमा होने से मौसमी बीमारियों का खतरा बना रहता है तथा कुछ लोग इन स्थानों पर अवैध निर्माण का प्रयास करते हैं। इसे देखते हुए पंचायत द्वारा ऐसे सभी गड्ढों का समतलीकरण कर वहां निर्माण कार्य एवं वृक्षारोपण कराया जाएगा।

इसके अलावा ग्राम के तालाबों की मछली पालन के लिए नीलामी कराने तथा नदी मार्ग पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने सहित ग्राम पंचायत भरारी की अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

ग्रामसभा में उपस्थित बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि ग्रामहित में पारित सभी प्रस्तावों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जाएगा, ताकि गांव के विकास, किसानों की सुरक्षा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!