देश की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा मेगा प्रोजेक्ट पहुंचे सीएजी के निदेशक (कोयला)
खनन कार्य, वित्तीय प्रबंधन और कॉर्पोरेट गवर्नेंस की समीक्षा, एसईसीएल मुख्यालय में अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक
कोरबा। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के निदेशक (कोयला) एवं भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा (आईएंडएएएस) के अधिकारी आदर्श अग्रवाल ने दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के गेवरा मेगा प्रोजेक्ट का दौरा कर खनन कार्यों, उत्पादन प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन तथा कॉर्पोरेट गवर्नेंस से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
खनन गतिविधियों और आधुनिक तकनीकों का लिया जायजा
दौरे के दौरान एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने निदेशक (कोयला) को देश की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल गेवरा मेगा प्रोजेक्ट की खनन गतिविधियों, कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच व्यवस्था, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के तहत संचालित विभिन्न पहलों से भी अवगत कराया गया।
परियोजना क्षेत्र का किया निरीक्षण
आदर्श अग्रवाल ने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण कर खनन कार्यों, उत्पादन प्रक्रियाओं और संचालन प्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न परिचालन पहलुओं की जानकारी लेते हुए कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

एसईसीएल मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक
गेवरा परियोजना के निरीक्षण के बाद निदेशक (कोयला) ने बिलासपुर स्थित एसईसीएल मुख्यालय पहुंचकर निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के साथ बैठक की।
बैठक में एसईसीएल के परिचालन प्रदर्शन, वित्तीय प्रबंधन प्रणाली, आंतरिक नियंत्रण व्यवस्था, पारदर्शिता और कॉर्पोरेट गवर्नेंस से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कंपनी की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की।
संस्थागत व्यवस्था की व्यापक समीक्षा
यह दौरा एसईसीएल की कार्यप्रणाली, संस्थागत व्यवस्था और प्रबंधन प्रणाली की व्यापक समीक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान खनन संचालन, वित्तीय अनुशासन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा सुशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
एसईसीएल के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी आधुनिक तकनीकों के उपयोग, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन और सतत विकास के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य कर रही है। सीएजी के निदेशक (कोयला) का यह दौरा भविष्य में संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

