जमीन पर बैठकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात
ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक बनेगी नई सड़क, पीरचाटोला में सड़क और पुलिया निर्माण की घोषणा
गांवों के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कर रही काम – विजय शर्मा
रायपुर । उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को कबीरधाम जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। अपने सहज और सरल अंदाज में उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं, सुझाव और मांगें सुनीं तथा कई मांगों पर मौके पर ही स्वीकृति और घोषणाएं करते हुए क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भेंड्रा नवागांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं ग्राम पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा वीबीजीरामजी योजना के तहत पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत कराने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक गांव तक सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है।

उन्होंने बताया कि भेंड्रा नवागांव और बोटेसुर सहित आसपास के गांवों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे अनेक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इसके अलावा सूरजपुरा पंचायत में 51 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्टेडियम में नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं तथा आसपास के 15 से 20 गांवों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा और बेहतर अवसर मिल सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजपुरा, धनौरा और आसपास के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पीरचाटोला में 40, सूरजपुरा में 57, पेण्ड्रातराई में 61, बैगापारा में 65 तथा बोटेसुर में 75 आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी और पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जिससे लाखों गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिला स्व-सहायता समूह डेयरी, दुग्ध उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। यदि समूह योजनाबद्ध तरीके से आगे आते हैं तो शासन उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से गांवों का समग्र विकास भी तेज होगा।
उन्होंने क्षेत्र में जैविक खेती की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सड़क और भवन निर्माण ही विकास का पैमाना नहीं है, बल्कि कृषि, रोजगार, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर के उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किसान बिना रासायनिक उर्वरकों के सफलतापूर्वक जैविक खेती कर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। ऐसे मॉडल को अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जा सकता है।
बिजली व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गांवों और कृषि पंपों के फीडर अलग करने का कार्य कराया गया है। इसके साथ ही पुराने बकाया बिजली बिलों के समाधान के लिए भी शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राहत प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पटेल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

