घरेलू विवाद में बहू से मारपीट के आरोप में सास और दो ननद गिरफ्तार
महिला की शिकायत पर बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद हिंसक रूप लेने के बाद पुलिस ने बहू से मारपीट कर घायल करने के आरोप में सास और दो ननदों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जावलपुर निवासी इंद्रानी अनंत ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई कि 21 जून 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे वह अपने घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसकी सास सुमित्रा बाई अनंत ने मोबाइल चोरी की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो सास के साथ उसकी छोटी ननद अनिता बाई दिवाकर और बड़ी ननद सुनीता हरवंश भी वहां पहुंच गईं।
शिकायत के अनुसार, तीनों ने मिलकर कथित रूप से उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता ने थाना बलौदा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

प्रकरण में पुलिस ने अपराध क्रमांक 282/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- अनिता बाई दिवाकर (30 वर्ष)
- सुनीता हरवंश (32 वर्ष)
- सुमित्रा बाई अनंत (60 वर्ष)
तीनों आरोपी ग्राम जावलपुर, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा की निवासी हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक सुनील टैगोर, महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर, महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय तथा आरक्षक नारायण भानू की सराहनीय भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

