शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

0
IMG-20260727-WA0693

‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़ । शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मामला दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में संचालित ‘अभियान संवेदना’ के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने 26 जुलाई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चक्रधरनगर क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी पहचान चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी ने शादी का वादा कर उसे विश्वास में लिया। पीड़िता का आरोप है कि 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत के अनुसार, जब 21 जुलाई 2026 को पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला थाना में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू (35 वर्ष), पिता नरेन्द्र कुमार बारिक, मूल निवासी ग्राम जगन्नाथ प्रसाद नवासाही, थाना भंडारी पोखरी, जिला भद्रक (ओडिशा) का रहने वाला है। वह वर्तमान में रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित टीधी टावर, अंकुर हॉस्पिटल के सामने किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव तथा आरक्षक हेमंत एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि वे किसी भी प्रकार के अपराध का शिकार होती हैं तो बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना दें। रायगढ़ पुलिस ‘अभियान संवेदना’ के माध्यम से महिला अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!