अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जवानों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता : प्रतिभा तिवारी
2वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सकरी, बिलासपुर की सेनानी के रूप में संभाला पदभार
मुंगेली। प्रदेश के विभिन्न जिलों में दो दशक से अधिक समय तक अपनी कुशल कार्यशैली और तेज-तर्रार छवि से पहचान बनाने वाली वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्रीमती प्रतिभा तिवारी ने छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 2वीं वाहिनी, सकरी (बिलासपुर) में सेनानी (कमांडेंट) के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।
श्रीमती प्रतिभा तिवारी इससे पूर्व जीपीएम, मुंगेली, महासमुंद, जशपुर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की। यही कारण है कि वे प्रदेश की तेज-तर्रार एवं कुशल पुलिस अधिकारियों में गिनी जाती हैं। इससे पहले वे महासमुंद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर भी सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद सेनानी प्रतिभा तिवारी ने वाहिनी के अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि उन्हें पूर्व में मिली सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से बेहतर ढंग से करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि 2वीं वाहिनी में भी अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जवानों का कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। वाहिनी की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जवानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा, लेकिन किसी भी स्थिति में कार्य के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 2वीं वाहिनी राज्य की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेगी।
श्रीमती प्रतिभा तिवारी के सेनानी के रूप में पदभार ग्रहण करने पर प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
