एसईसीएल मुख्यालय में 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

0
IMG-20260729-WA1485

‘सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि’ के संकल्प के साथ अधिकारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने ली सुरक्षा शपथ

बिलासपुर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय स्थित वसंत क्लब, बिलासपुर में बुधवार को 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने “सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। द्विपक्षीय सुरक्षा समिति एसईसीएल में सुरक्षा संबंधी विषयों पर प्रबंधन एवं श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद का सर्वोच्च मंच है।

NTPC World Environment Day

बैठक की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना)  रमेश चन्द्र महापात्र, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव)  प्रकाश राय के स्वागत संबोधन से हुआ।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी से विकसित होती है। उन्होंने सभी से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सामूहिक प्रयासों से “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि आधुनिक तकनीकों, सतत प्रशिक्षण तथा सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन और निरंतर सुधार पर विशेष बल दिया।

बैठक में कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के सुरक्षा प्रदर्शन, वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था तथा भावी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यस्थलों पर जोखिम न्यूनीकरण, बेहतर समन्वय तथा सुरक्षा जागरूकता को और प्रभावी बनाने पर सहमति व्यक्त की गई।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पद पर मनोनीत होने पर उपस्थित सदस्यों ने हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। साथ ही द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य एवं एससीकेएमसी के प्रतिनिधि  कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानपूर्वक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!