डिजिटल पुलिसिंग सुदृढ़ करना और नशे पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाना पहली प्राथमिकता – एएसपी डॉ० यूलैंडन यार्क
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा – जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ० यूलैंडन यार्क (एमबीबीएस) ने अपने कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया है। जहां निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित कई पुलिसकर्मियों ने गुलदश्ता देकर उनका आत्मीय स्वागत किया। बताते चलें विगत दिवस छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग ने एक साथ कई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों का तबादला आदेश जारी किया था , इस आदेश में कई जिलों में एएसपी प्रभावित हुये हैं। इसी कड़ी में डॉ यूलैंडन यार्क अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश पर्यन्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर चाम्पा के पद पर पदस्थ किया गया है। ये राज्य पुलिस सेवा वर्ष बैच 2014 में पुलिस विभाग में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर चयनित हुये। इन्होंने उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सम्पूर्ण सेवायें बस्तर में ही दी और अपने दायित्व का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया है। इसके बाद वर्ष 2024 में ये एडिश्नल एसपी बने और सबसे पहले बीजापुर में अपनी सेवायें दी , इसके बाद एएसपी के रूप में जांजगीर चाम्पा इनकी दूसरी जिला है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ० यूलैंडन यार्क ने अरविन्द तिवारी से संक्षिप्त चर्चा कर अपनी प्राथमिकतायें साझा कीं। उन्होंने कहा समय के साथ अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं। हमारी प्राथमिकता साइबर अपराध , ऑनलाइन ठगी और डिजिटल साक्ष्यों के त्वरित विश्लेषण पर होगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सूखे नशे , ड्रग्स और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी , बिक्री एवं भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जायेगी। अंतर्राज्यीय एवं अंतर्जिला नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई जायेगी। नशा मुक्ति केंद्रों , स्कूल प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर नशा विरोधी अभियान चलाया जायेगा। सड़क दुर्घटनाओं , अवैध हथियार , गुंडागर्दी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसना हमारा संकल्प है। रात्रिकालीन गश्त , सीसीटीवी निगरानी , हॉटस्पॉट मैपिंग और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से अपराधों को रोकने का प्रयास किया जायेगा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घरेलू हिंसा , छेड़छाड़ और ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में त्वरित एफआईआर और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। किसी भी तरह की अफवाह , धार्मिक या जातीय वैमनस्य फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। त्योहारों और आयोजनों में शांति समितियों के साथ समन्वय कर सामाजिक सौहार्द को बनाये रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था शांति एवं सद्भाव को बनाये रखने के साथ हिंसा-अपराध की रोकथाम के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। जिले में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिये हर संभव प्रयास किया जायेगा। छोटे व सभी प्रकार के अपराधों पर निष्पक्ष एवं त्वरित कानूनी कार्यवाही के अलावा आमजन के साथ अच्छा व्यवहार किया जायेगा। पुलिसकर्मी अपने ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय के साथ – साथ जागरूकता , महिला उत्पीड़न तथा बाल अपराधों की रोकथाम के लिये सदैव तत्पर है। शहर में कानून व्यवस्था , महिला एवं बाल सुरक्ष को लेकर विशेष ध्यान रखा जायेगा। वहीं असामाजिक तत्व एवं गुंडा तत्वों के खिलाफ भी सख्ती से कार्यवाही की जायेगी एवं नशे के कारोबार एवं पूर्ण तरह अंकुश लगाया जायेगा। जिले के सक्रिय अपराधियों पर नकेल कसने व वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस के पास अपनी फरियाद लेकर आते हैं , जो हर शिकायत गंभीर होती है। इसलिये प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर उस पर कार्य किया जायेगा। हमारा प्रयास रहेगा कि हम आम जनमानस के साथ मिलकर एक विशेष अभियान चलाकर जिले को नशे से पूर्णत: मुक्त बनायेंगे। जहां जहां अवैध नशे का कारोबार जारी होगा वहां योजनाबद्ध तरीके से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और मार्गदर्शन में कार्यवाही की जायेंगी। पुलिस के साथ सपोर्टिंग जैसे एनजीओ , पत्रकार , संस्था के साथ सबसे सकारात्मक तरीके से मिलकर जांजगीर चाम्पा को मॉडल जिला बनाना है। एमबीबीएस होने के नाते उन्होंने विशेष रूप से यह भी कि समय – समय पर स्वास्थ्य क्षेत्र में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में रूझान और उनके चयन पर भी उनका महत्वपूर्ण योगदान सुलभ होगा। अंत में उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और इसी भाव से काम करेगी। अंत में एडिश्नल एसपी ने कहा कि कानून का राज स्थापित करना और जनता का विश्वास जीतना ही मेरा ध्येय है। आप सभी के सहयोग से हम जांजगीर चाम्पा जिले को सुरक्षित , नशा मुक्त और सौहार्दपूर्ण जिला बनायेंगे।



The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
