गेजामुड़ा में महिला समूह और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ चलाया नशामुक्ति अभियान

0
IMG-20260809-WA0741

20 बोरी महुआ लहान और 10 डिब्बे व 5 बाल्टियों में भरा महुआ पास नष्ट, अवैध शराब बनाने वालों में मचा हड़कंप

रायगढ़ । जिले में अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्रामीणों और महिला समूहों के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम गेजामुड़ा में महिला समिति, सक्रिय युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने पुलिस के साथ मिलकर अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खेत में अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 20 बोरी महुआ लहान तथा 10 डिब्बों और 5 बाल्टियों में भरा भारी मात्रा में महुआ पास बरामद किया गया। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर ही पूरे लहान और महुआ पास को नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार गेजामुड़ा गांव में पिछले एक सप्ताह से महिला समूह, सक्रिय युवा और गणमान्य नागरिक अवैध शराब निर्माण से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर खेत में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली।

NTPC World Environment Day

सूचना मिलने के बाद कोतरारोड़ पुलिस टीम ग्राम गेजामुड़ा पहुंची। महिला समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के साथ पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापेमारी की। मौके पर अवैध शराब निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में तैयार किया गया महुआ लहान और महुआ पास मिला। पुलिस ने इसे जब्त कर ग्रामीणों और महिला समिति के सदस्यों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया।

शराब बनाने वालों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मौके पर बरामद सामग्री का उपयोग अवैध महुआ शराब बनाने के लिए किया जाना था। अवैध शराब का निर्माण किस व्यक्ति या लोगों द्वारा किया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा संबंधित लोगों की पहचान करने के लिए ग्रामीणों से पूछताछ के साथ अन्य स्तरों पर भी जानकारी एकत्र की जा रही है।

कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध शराब निर्माण और बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

घर, दुकान, होटल और ढाबों पर भी होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अवैध रूप से घर, दुकान, होटल और ढाबों में शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब और जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही है अथवा जुआ संचालित किया जा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी

गेजामुड़ा में हुई कार्रवाई की खास बात यह रही कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान में गांव की महिला समिति और सक्रिय युवाओं ने पुलिस के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले एक सप्ताह से ग्रामीणों द्वारा गांव में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस और ग्रामीणों के बीच इस समन्वय से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक क्षितिज देवांगन, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, आरक्षक राजेश खांडे और चूड़ामणि गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश—नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे और अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में आम नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्रामीणों से अपील की कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात भी उन्होंने कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!