हरेली पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश कार्यालय में होगा भव्य आयोजन, अध्यक्ष विभा अवस्थी ने तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
रायपुर । छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि एवं लोक संस्कृति के प्रतीक प्रथम त्यौहार हरेली को इस वर्ष भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से प्रदेश स्तर पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। आगामी 12 अगस्त को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने रविवार को प्रदेश एवं रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने आयोजन को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप गरिमापूर्ण और व्यापक स्वरूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती शीतल नायक सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने भी बैठक में शामिल होकर आयोजन से जुड़ी तैयारियों एवं प्रचार-प्रसार के संबंध में चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा, लोक आस्था और ग्रामीण जीवन से जुड़ी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में हरेली को प्रथम त्यौहार के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। इस दिन किसान कृषि कार्य के प्रथम चरण के पूरा होने के बाद कृषि कार्य में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों, हल-बैल सहित अन्य साधनों की पूजा करते हैं और अच्छी फसल तथा समृद्धि के लिए धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि हरेली पर्व छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को अपने भीतर समेटे हुए है। इस अवसर पर गांवों में बच्चों और युवाओं में गेड़ी चढ़ने की परंपरा देखने को मिलती है। वहीं विभिन्न स्थानों पर नारियल फेंक प्रतियोगिता सहित पारंपरिक खेलों का आयोजन भी किया जाता है। घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और पारंपरिक पकवानों का निर्माण कर परिवार एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर पर्व मनाया जाता है।
विभा अवस्थी ने महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाले हरेली उत्सव में महिलाएं छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हों। आयोजन स्थल पर कृषि उपकरणों की पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा की जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पकवानों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्यक्रम में प्रदेश की लोक संस्कृति और खान-पान की परंपरा का भी प्रदर्शन हो सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। हरेली जैसे पारंपरिक पर्वों के सार्वजनिक एवं सामूहिक आयोजन से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसके संवर्धन का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोक संस्कृति, कृषि परंपराओं, रीति-रिवाजों और तीज-त्योहारों से है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए। महिला मोर्चा द्वारा आयोजित हरेली उत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की विविध झलक देखने को मिलेगी।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता, पारंपरिक वेशभूषा, पूजा-अर्चना, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। विभा अवस्थी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भाजपा महिला मोर्चा का यह आयोजन प्रदेश की कृषि संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
