हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् कार्यक्रमों से देशभक्ति के रंग में रंगेगा बिलासपुर
9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में होंगे विविध आयोजन
नगरीय निकायों, जनपद एवं ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम

कलेक्टर ने की तिरंगा अभियान में भागीदारी की अपील

बिलासपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आयोजन की तैयारियों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य शासन के संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् तथा 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तिरंगा यात्रा, रैली और मैराथन से गूंजेगा देशभक्ति का संदेश
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां, साइकिल-बाइक-कार रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, पुलिस विभाग, खिलाड़ियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्राओं में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तिरंगा कॉन्सर्ट से लेकर तिरंगा मेला तक होंगे आयोजन
अभियान के तहत तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी और तिरंगा सम्मान जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों तथा उनके परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा तिरंगा मेलों का आयोजन कर स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर झंडे, वस्त्र एवं अन्य सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्कूल-कॉलेजों में देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, भाषण, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी, छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों के बैंड द्वारा वंदे मातरम् से संबंधित संगीत कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अगस्त को ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित प्रदर्शनी तथा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी होगी।
15 अगस्त को विशेष आयोजन, ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक होगा सामूहिक गायन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय से लेकर जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर तक ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। जिले के प्रमुख स्थलों, शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर समयबद्ध ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अभियान में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हो और हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जाए। जिले के नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और देशभक्ति की भावना के साथ अभियान को सफल बनाएं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
