राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर छत्तीसगढ़ की चमक, ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर अहमदाबाद में मिला ‘बेस्ट डिजाइन एंड डेकोरेशन’ अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
आकर्षक पवेलियन ने जीता देशभर के पर्यटन विशेषज्ञों का ध्यान
रायपुर । छत्तीसगढ़ की समृद्ध प्राकृतिक सुंदरता, लोक कला, संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल रही है। इसी क्रम में गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में 6 से 8 अगस्त तक आयोजित प्रतिष्ठित तीन दिवसीय ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) अहमदाबाद-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ के आकर्षक, रचनात्मक और सुव्यवस्थित पवेलियन को ‘बेस्ट डिजाइन एंड डेकोरेशन अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान फेयरफेस्ट मीडिया लिमिटेड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पर्यटन की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती लोकप्रियता और प्रभावी पर्यटन प्रचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय पर्यटन मेलों में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन को आकर्षण और प्रस्तुति के लिए सम्मान मिल चुका है। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ अपने प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

26 पर्यटन साझेदारों ने साझा मंच से बढ़ाया व्यावसायिक नेटवर्क
टीटीएफ अहमदाबाद-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ राज्य के 26 पंजीकृत पर्यटन साझेदारों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। छत्तीसगढ़ पवेलियन ने पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों, यात्रा एजेंटों और अन्य हितधारकों के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया, जहां राज्य के पर्यटन स्थलों, पर्यटन सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं को राष्ट्रीय बाजार के सामने प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान पर्यटन व्यवसाय के क्षेत्र में व्यवसाय से व्यवसाय स्तर पर संपर्क स्थापित करने, नए यात्रा साझेदारों से जुड़ने तथा छत्तीसगढ़ में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं पर संवाद हुआ। राज्य के पर्यटन साझेदारों ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए यात्रा एजेंटों और पर्यटन व्यवसायियों के साथ संपर्क स्थापित कर नए व्यावसायिक अवसरों की संभावनाएं तलाशीं।
प्राकृतिक सौंदर्य से लोक संस्कृति तक, पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की विशिष्ट पहचान को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदेश के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों, वन क्षेत्रों, जनजातीय संस्कृति, लोक कला, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों और स्थानीय पर्यटन अनुभवों को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पवेलियन की साज-सज्जा में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय पहचान को प्रमुखता दी गई। यही रचनात्मक प्रस्तुति देशभर से पहुंचे पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी और छत्तीसगढ़ को ’बेस्ट डिजाइन एंड डेकोरेशन अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नए ट्रैवल एजेंट्स के जुड़ने से पर्यटन कारोबार को मिलेगा विस्तार
टीटीएफ अहमदाबाद के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक नए यात्रा एजेंटों ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकरण कराया। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ने और अधिक से अधिक पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। नए यात्रा एजेंटों के जुड़ने से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों के लिए नए भ्रमण पैकेज तैयार करने, पर्यटकों तक पर्यटन उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय मंचों पर लगातार मजबूत हो रही छत्तीसगढ़ पर्यटन की पहचान
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा देश के प्रमुख पर्यटन मेलों और आयोजनों में निरंतर सहभागिता के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। पर्यटन मेलों में आकर्षक पवेलियन, प्रभावी प्रचार-प्रसार और निजी पर्यटन क्षेत्र की सहभागिता के माध्यम से राज्य को एक समग्र पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
टीटीएफ अहमदाबाद-2026 में मिला यह सम्मान इसी निरंतर प्रयास का परिणाम है। एक ओर जहां छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत ने देशभर का ध्यान आकर्षित किया, वहीं दूसरी ओर 26 पर्यटन साझेदारों की सहभागिता और नए यात्रा एजेंटों के जुड़ने से राज्य के पर्यटन उद्योग के लिए नए व्यावसायिक अवसर भी तैयार हुए हैं। टीटीएफ अहमदाबाद-2026 की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि प्रदेश की पर्यटन पहचान, निजी क्षेत्र की सहभागिता और राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में बढ़ती स्वीकार्यता का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
