अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर छत्तीसगढ़ में विधिक जागरूकता अभियान

0
IMG-20260811-WA1134

‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ थीम के तहत साइबर सुरक्षा और डिजिटल अधिकारों पर विशेष फोकस

रायपुर । अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को छत्तीसगढ़ में युवाओं को विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की जागृति योजना-2025 के अंतर्गत अगस्त माह को ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ थीम के रूप में मनाया जा रहा है।

राज्य के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से शैक्षणिक परिसरों में ‘लीगल राइट्स वीक’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता, युवा संसद, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और विधिक प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संवैधानिक अधिकारों, न्याय तक पहुँच और नागरिक उत्तरदायित्वों की जानकारी दी जाएगी।

NTPC World Environment Day

अभियान का विशेष आकर्षण साइबर सुरक्षा और डिजिटल नागरिकता विषय रहेगा। युवाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध, एआई आधारित साइबर अपराध, डीपफेक तकनीक और डिजिटल निजता की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी, ताकि वे डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग कर सकें।

कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, एनएसएस, एनसीसी तथा कौशल विकास संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। इसके साथ ही 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के विचाराधीन बंदियों और प्रथम बार अपराध करने वाले युवाओं के प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें आवश्यक विधिक सहायता, परामर्श और पुनर्वास संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने की भी पहल की जाएगी।

युवाओं तक सीधे पहुँच सुनिश्चित करने के लिए करियर मेलों, विश्वविद्यालयों और कौशल विकास केन्द्रों में अस्थायी विधिक सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहाँ उन्हें निःशुल्क विधिक परामर्श, शिकायत निवारण और कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।

राज्य सरकार और विधिक सेवा संस्थाओं का उद्देश्य है कि युवा वर्ग केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक न हो, बल्कि कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व और डिजिटल युग में सुरक्षित नागरिक व्यवहार को भी अपनाए। यह अभियान युवाओं को न्याय व्यवस्था से जोड़ने और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!