उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का किया लोकार्पण
नगरवासियों को मिलेंगी खेल एवं अन्य गतिविधियां संचालित करने की सुविधा
उप मुख्यमंत्री विद्यार्थियों से हुए रू-ब-रू, कहा- वीर शहीदों की शहादत व उनके सपनों को संजोकर रखने की जिम्मेदारी आप सब की
रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज कांकेर में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक कर गोल दागकर खेल मैदान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से रू-ब-रू होते हुए तिरंगा यात्रा के महत्व और देश के महान क्रांतिकारियों के बलिदान को याद किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों का पर्याय है। जिन वीर देशभक्तों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके सपनों को संजोकर और सहेजकर रखने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी के कंधों पर है। विद्यार्थियों को देश के विकास और निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए।

नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल परिसर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि जिन महान देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को वर्षों की गुलामी से आजादी दिलाई, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। क्रांतिवीरों के बलिदान से मिली आजादी के बाद देश को आत्मनिर्भर, विश्व गुरु और सोने की चिड़िया बनाने में निश्चित तौर पर विद्यार्थियों की बड़ी भूमिका रहेगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर संसाधन, सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। कांकेर में मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम और बहुउद्देशीय इनडोर हॉल के निर्माण से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को व्यापक सुविधाएं मुहैया होंगी। युवक-युवतियों को अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म भी मिलेगा।
कांकेर की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म
साव ने बताया कि हाल ही में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने वेट-लिफ्टिंग में रजत पदक हासिल किया, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं और उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि कांकेर जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं के लिए यह मिनी स्टेडियम एक बेहतर प्लेटफॉर्म साबित होगा। आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अपने क्षेत्र में ही बेहतर वातावरण मिलेगा और वे विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।
विधायक आशाराम नेताम ने कार्यक्रम में नगरवासियों को बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की अपील की। उन्होंने नवनिर्मित खेल सुविधाओं को कांकेर के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कांकेर जिला पंचायत की अध्यक्ष किरण नरेटी तथा नगर पालिका के अध्यक्ष अरुण कौशिक ने भी नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं इनडोर हॉल के लोकार्पण की बधाई देते हुए इसे कांकेर शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर भी लोकार्पण कार्यक्रम में मौजूद थे।
7 करोड़ की लागत से मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम, 2.40 करोड़ से बना बहुउद्देशीय इनडोर हॉल
कांकेर में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से इस मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम तथा 2.40 करोड़ रुपए से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का निर्माण किया गया है। मिनी स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक सहित विभिन्न खेलों के नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध है।
मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम के निर्माण से खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों की नियमित तैयारी और अभ्यास के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही शहर में खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इसी तरह मल्टीपरपज इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित अलग-अलग खेलों के इनडोर अभ्यास की सुविधा है। आउटडोर जिम की भी सुविधा यहां उपलब्ध कराई गई है। इसके निर्माण से नगरवासियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल मैदान एवं बेहतर तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन खेल सुविधाओं का लाभ युवाओं के साथ-साथ विभिन्न आयु वर्ग के नागरिक भी उठा सकेंगे। खेल गतिविधियों के विस्तार से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए नारियल के पौधे
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नारियल के पौधे लगाए।
अन्य अतिथियों ने भी परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल के लोकार्पण से कांकेर में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार तैयार होगा। साथ ही यह परिसर विभिन्न खेल एवं अन्य गतिविधियों के संचालन के लिए नगरवासियों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
