जमीन विवाद में हत्या के प्रयास के चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
‘ऑपरेशन बाज’ के तहत चिल्फी पुलिस की कार्रवाई, घटना के बाद से फरार आरोपियों की लगातार की जा रही थी तलाश
लोहे की बरछी और डंडा बरामद, चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई
मुंगेली/चिल्फी । जमीन विवाद को लेकर युवक और उसके पिता के साथ मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में चिल्फी पुलिस ने चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा एवं लोहे की बरछी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 अगस्त 2026 को थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में हुई थी। जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान लोहे की बरछी से उसके सिर पर वार किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे।

खेत में जुताई के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक 6 अगस्त को प्रार्थी तोरन खाण्डे, पिता कोचिया खाण्डे, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम सिलतरा, थाना चिल्फी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन सुबह करीब 10.50 बजे वह अपने पुत्र दीपेन्द्र खाण्डे के साथ गांव के तालाब के पास स्थित अपने खेत में गया था।

दीपेन्द्र खाण्डे ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई बर्मन एवं सारिका बर्मन वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने एक राय होकर दीपेन्द्र के खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
दीपेन्द्र द्वारा गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
लोहे की बरछी से सिर पर किया वार
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी रघुवंश बर्मन ने अपने हाथ में रखी लोहे की बरछी से दीपेन्द्र खाण्डे के सिर पर वार किया। वहीं आरोपी रामजी बर्मन ने हाथ-मुक्का एवं लाठी से उसके गाल और होंठ पर चोट पहुंचाई।
इस दौरान कला बाई बर्मन एवं सारिका बर्मन द्वारा दीपेन्द्र का हाथ पकड़कर गाली-गलौज किए जाने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज कराई गई है।
मारपीट होते देखकर तोरन खाण्डे बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। लोहे की बरछी से उनके सिर, बाएं हाथ के पंजे के ऊपर तथा बाएं गले पर वार कर चोट पहुंचाई गई।
अपराध दर्ज कर शुरू की गई विवेचना
घटना की रिपोर्ट पर थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज किया गया। प्रारंभ में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आहतों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। चिकित्सकीय रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसमें हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई।
पुलिस ने प्रार्थी, आहतों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्यों को एकत्र किया।
घटना के बाद चारों आरोपी थे फरार
पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी 6 अगस्त से फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना चिल्फी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मिली सफलता
चिल्फी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार किए गए प्रयासों के बाद 11 अगस्त 2026 को पुलिस ने चारों फरार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रघुवंश बर्मन, पिता रामजी बर्मन, उम्र 24 वर्ष, रामजी बर्मन, पिता रनदास बर्मन, उम्र 52 वर्ष, कला बाई बर्मन, पति रामजी बर्मन, उम्र 50 वर्ष तथा सारिका बर्मन, पति रघुवंश बर्मन, उम्र 20 वर्ष शामिल हैं। चारों आरोपी ग्राम सिलतरा, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं लोहे की बरछी जब्त की गई। इसके बाद चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 11 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
चिल्फी पुलिस की टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा, प्रभारी थाना चिल्फी, सहायक उप निरीक्षक मनक राम धु्रव, प्रधान आरक्षक सिद्धेश्वर प्रसाद बंजारे, आरक्षक मुकेश कुर्रे एवं आरक्षक प्रशांत कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस के अनुसार गंभीर अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
