अमरकंटक में औषधीय खेती को मिलेगा नया आयाम ,
नर्मदे हर सेवा न्यास की पहल से मिलेगी आर्थिक मजबूती
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में पर्यावरण संरक्षण , आयुर्वेदिक परंपरा के संवर्धन तथा ग्रामीण आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में श्री नर्मदे हर सेवा न्यास द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है । न्यास के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल के मार्गदर्शन में औषधीय पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है , जो भविष्य में स्थानीय किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं आय का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है ।

श्री नर्मदे हर सेवा न्यास द्वारा विकसित की जा रही इस नर्सरी में आंवला , हर्रा , बेल , अश्वगंधा , सिंदूर , तुलसी , मुनगा तथा अर्जुन पौधे जैसे बहुमूल्य औषधीय एवं उपयोगी पौधों के बीजों का रोपण कर पौध तैयार किए जा रहे हैं । आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में इन पौधों का विशेष महत्व माना जाता है । साथ ही ये पौधे पर्यावरण संरक्षण , जैव विविधता संवर्धन और मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं ।
न्यास के पदाधिकारियों के अनुसार अमरकंटक क्षेत्र प्राकृतिक रूप से औषधीय वनस्पतियों की दृष्टि से समृद्ध है । यदि किसान वैज्ञानिक पद्धति से औषधीय खेती को अपनाएं तो कम लागत में बेहतर आर्थिक लाभ अर्जित कर सकते हैं । इसी उद्देश्य से न्यास द्वारा चरणबद्ध रूप से पौध वितरण , तकनीकी मार्गदर्शन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं ।
न्यास अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि नर्मदा की पावन भूमि पर औषधीय पौधों का संरक्षण और संवर्धन केवल कृषि से जुड़ा विषय नहीं है बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक , आध्यात्मिक और पारंपरिक विरासत के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है । उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने खेतों , घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने की अपील करते हुए स्वस्थ समाज और हरित पर्यावरण निर्माण में सहभागिता का आह्वान किया ।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अमरकंटक क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी कदम बताया है । उनका मानना है कि ऐसी योजनाएं न केवल औषधीय खेती को नई पहचान देंगी बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी ।
पर्यावरण संरक्षण , आयुर्वेदिक परंपरा के पुनर्जीवन और ग्रामीण विकास की त्रिवेणी बन चुकी यह पहल अमरकंटक को हरित , स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
