अमरकंटक में पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला, अगले दिन पति ने लगाई फांसी
पत्नी के गंभीर घायल होने के बाद पुलिस कार्रवाई और जेल जाने का था डर ; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बैंक टोला में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक युवक द्वारा अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने और अगले ही दिन फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है । घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई । पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करने के साथ आत्महत्या के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है ।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धन सिंह उरेती पिता फूल सिंह उरेती उम्र 37 वर्ष मूल निवासी सरईटोला गिरारी तथा वर्तमान निवासी वार्ड क्रमांक 11 बैंक टोला , मजदूरी का काम करता था । बताया गया कि 18 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे धन सिंह शराब के नशे में अपनी पत्नी पार्वती बाई से खाना के समय पर नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ था । इसी दौरान गुस्से में उसने कथित रूप से कुल्हाड़ी से पत्नी के बाएं गाल और कान के पास वार कर दिया । हमले में पार्वती बाई गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके चेहरे से खून बहने लगा ।
घटना के बाद पड़ोसी सुमन सिंह पिता जगदीश सिंह उम्र 35 वर्ष ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे धन सिंह के घर से रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे । वहां पार्वती बाई घायल अवस्था में मिली । परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया गया ।
इस मामले में अमरकंटक थाना पुलिस ने 19 अगस्त 2026 की रात 2.08 बजे अपराध क्रमांक 142 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296 , 115(2) , 118(1) एवं 351 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया ।
बताया जा रहा है कि पत्नी पर हमले के बाद धन सिंह को पुलिस कार्रवाई और जेल जाने का भय सताने लगा था । इसी बीच 19 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे धरम सिंह की बेटी जब घर पहुंची तो धन सिंह को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की ।
धन सिंह द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के संबंध में अमरकंटक थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 33 कायम कर विवेचना में लिया है । शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया , जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया ।
पुलिस के अनुसार मृतक शराब का सेवन करता था और पत्नी के साथ आए दिन विवाद होने की बात भी सामने आई है । हालांकि, आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है ।
पूरे मामले की विवेचना उप निरीक्षक पी.एस. बघेल द्वारा की जा रही है । पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
