साइबर ठगी से बचने विद्यार्थियों को किया जागरूक

0
IMG-20260820-WA0891

रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह

बेमेतरा के स्कूल-कॉलेजों में पहुंचा पुलिस का साइबर सुरक्षा संदेश, 1930 पर तत्काल शिकायत की दी सलाह

बेमेतरा। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को डिजिटल रूप से जागरूक और सुरक्षित बनाने छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” जारी है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के पहले सप्ताह में पुलिस टीमों ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने स्कूलों में साइबर सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों से संवाद किया।

NTPC World Environment Day

कई स्कूलों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के तहत थाना खम्हरिया क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नवागांव कला एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खाती, चौकी कंडरका क्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल हरदी, चौकी देवरबीजा क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेंदुआ नयापारा, थाना नांदघाट क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी, थाना बेरला क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतोरा, थाना नवागढ़ क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर नवागढ़, थाना चंदनू क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ तथा चौकी खंडसरा क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लावातरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि डिजिटल सुविधाओं के साथ साइबर सावधानी रखना भी जरूरी है। ऑनलाइन दुनिया में किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।

OTP, QR कोड और फर्जी लिंक से रहें सावधान

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, KYC अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक एवं QR कोड, सोशल मीडिया फ्रॉड, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड तथा निवेश के नाम पर होने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने समझाया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीके से झांसे में लेकर बैंक खातों और मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करना चाहिए।

सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने की समझाइश

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड रखने तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने की सलाह दी गई। अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने के साथ निजी फोटो, दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं करने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने UPI एवं ऑनलाइन बैंकिंग के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी आवश्यक सावधानियां बताईं। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था को सूचना देने की सलाह दी गई।

ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से संबंधित खाते और लेनदेन को सुरक्षित करने की दिशा में कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

विद्यार्थियों से कम से कम 5-10 लोगों को जागरूक करने की अपील

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर जागृति अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने अभियान के लिंक अथवा QR कोड के माध्यम से सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तथा साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ कम से कम 5 से 10 अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

पुलिस की अपील—डिजिटल सुविधा के साथ सावधानी भी जरूरी

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि “डिजिटल सुविधा के साथ डिजिटल सावधानी भी जरूरी है।” अनजान कॉल, मैसेज, लिंक और सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहें। OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

कार्यक्रमों में थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू, थाना प्रभारी चंदनू उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!