बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 21 किलो गांजा बरामद
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार; 10.50 लाख रुपए कीमत
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो बैग में रखा 21.058 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष संदिग्ध हालत में गांजे की खेप लेकर मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

दो बैग से मिले गांजे के 10 पैकेट
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) के रूप में हुई। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक काले रंग का बैग और एक लाल रंग का ट्रॉली बैग बरामद हुआ। दोनों बैगों की जांच करने पर गांजे के कुल 10 पैकेट मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 21.058 किलोग्राम पाया गया।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
जीआरपी ने बरामद गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई जा रही निगरानी
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। रेलवे परिसर में संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच के साथ मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
