चाकू दिखाकर आईफोन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई; लूट में इस्तेमाल चाकू और करीब 40 हजार रुपए कीमत का आईफोन बरामद
बिलासपुर/मस्तूरी । मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर आईफोन लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजीव कौशिक ने मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर को वह अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहा था। शाम करीब 5.40 बजे वे करो रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे थे।

इसी दौरान फरहदा की ओर से स्कूटी में सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोक लिया। आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर युवकों को डराया और गाली-गलौज करते हुए राज केंवट का आईफोन छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर चाकू से किया वार
पुलिस के मुताबिक, युवकों ने जब मोबाइल लूटने का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी राज केंवट का करीब 40 हजार रुपए कीमत का आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान मारपीट और चाकू के वार से राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट को गर्दन एवं बाएं हाथ की भुजा में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ितों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस एक संदिग्ध तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में साथी के साथ वारदात करना स्वीकार
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम राजकुमार ध्रुव पिता संतोष ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर बताया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी शिवम पिता कांति, निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन बरामद किया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, साथी की तलाश जारी
मस्तूरी पुलिस ने आरोपी राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में दूसरा आरोपी शिवम अभी फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मामले में अपराध क्रमांक 609/2026, धारा 309(6) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
