13 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, एसीसीयू व मस्तूरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
जयरामनगर रेलवे फाटक के पास दबिश, 6.50 लाख रुपए का गांजा व मोबाइल जब्त

मस्तूरी/बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीसीयू एवं मस्तूरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 किलोग्राम गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 6 लाख 50 हजार रुपए मूल्य का अवैध मादक पदार्थ गांजा तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना मस्तूरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं डीएसपी एसीसीयू तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में जिले में अवैध नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 सितंबर 2026 को थाना मस्तूरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पुरुष एवं एक महिला जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे अपने पास पिट्ठू बैग और झोले में अवैध गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राम मटियारी जाने के लिए ऑटो एवं बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसीसीयू बिलासपुर और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस ने चारों संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से कुल 13 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। साथ ही आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सिसोदिया (21 वर्ष), पूर्वा मालिया (20 वर्ष), कृष्णा पाण्डेय (23 वर्ष), सभी निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर तथा नीरज नायक (19 वर्ष), निवासी झाड़ू मोहल्ला, थाना उमरिया, जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा राज्य के बलांगीर जिले से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर मटियारी एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बिक्री करने के उद्देश्य से लेकर आए थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 640/2026, धारा 20 (बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोपाल सतपथी (एसीसीयू प्रभारी), निरीक्षक सलीम खाखा (थाना प्रभारी मस्तूरी), उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह तथा आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेन्द्र तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
