एनटीपीसी सीपत में हिंदी दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
सीपत । एनटीपीसी सीपत में 14 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने सभी को राजभाषा हिंदी के अधिकतम उपयोग तथा इसके प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करने की अपील की। उन्होंने हिंदी के प्रति सम्मान, उत्तरदायित्व और प्रतिबद्धता को स्मरण करते हुए अपने दैनिक कार्य एवं संवाद में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शंकर दुबे ने कहा कि हिंदी भारत की भाषायी, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधता के बीच संपर्क और संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी भावनाओं, विचारों, संस्कृति और जीवन-मूल्यों की प्रभावी अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग से कार्यालयीन कार्यों में बेहतर संवाद, सहभागिता और आपसी समझ को और सुदृढ़ किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि 14 से 28 सितंबर 2026 तक एनटीपीसी सीपत में हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हिंदी पखवाड़े के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी से उत्साहपूर्वक एवं अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया गया। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

परियोजना प्रमुख ने कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान तभी सार्थक होगा, जब इसे दैनिक कार्यों और संवाद का स्वाभाविक हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने सभी से राजभाषा हिंदी के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए इसके प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यक्षेत्र में हिंदी के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए शपथ ग्रहण की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
