ऑपरेशन प्रहार में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहनों से 129.840 टन संदिग्ध स्क्रैप जब्त
53.60 लाख का स्क्रैप और 6 ट्रक-माजदा सहित करीब 1.21 करोड़ की संपत्ति जब्त, पूंजीपथरा पुलिस की लगातार कार्रवाई
रायगढ़ । चोरी के माल की खरीद-बिक्री, परिवहन और खपत पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध एवं संदिग्ध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 5 ट्रक और 1 माजदा वाहन पकड़े हैं। इन वाहनों से कुल 129.840 टन लोहे-टीन एवं अन्य स्क्रैप बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 53.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने स्क्रैप के साथ सभी 6 वाहनों को भी जब्त किया है। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 68 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस द्वारा की गई कुल जब्ती की कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालकों से स्क्रैप के परिवहन और उसके स्रोत से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद संदिग्ध स्क्रैप और वाहनों को विधिवत जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

स्केनिया प्लांट के पास 23.990 टन स्क्रैप बरामद
पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक क्रमांक UP63AT2054 में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर से पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम राकेश गिरी पिता देवकुमार गिरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी गोसाईपुर, थाना रामपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 23.990 टन स्क्रैप मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8.49 लाख रुपये, जबकि ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस पूछताछ में चालक ने स्क्रैप को सरगुजा से लोड कर प्लांट में खपाने के लिए लाना बताया। हालांकि, वह स्क्रैप एवं परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संबंधित प्लांट से संपर्क किए जाने पर भी प्रवेश आदेश एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। चोरी के माल होने के संदेह में पुलिस ने ट्रक और स्क्रैप को जब्त कर राकेश गिरी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी, 5 वाहन पकड़े
इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस को रायगढ़ रोड स्थित पूंजीपथरा-तमनार चौक की ओर से कई वाहनों में भारी मात्रा में लोहे-टीन का स्क्रैप प्लांटों में खपाने के लिए ले जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पांच वाहनों को रोककर तलाशी ली। इनमें विभिन्न प्रकार का टीन, लोहे के टुकड़े, राड, वाहनों के पार्ट्स और अन्य स्क्रैप लदा हुआ पाया गया।
पहला वाहन: 14 चक्का ट्रक क्रमांक CG14MF0223 के चालक जहांगीर अंसारी पिता दुखिया अंसारी, उम्र 49 वर्ष, निवासी भड़गांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड के कब्जे से करीब 18.350 टन स्क्रैप बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 7,70,700 रुपये आंकी गई।
दूसरा वाहन: 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD05R7085 के चालक मनीष कुमार पिता जवाहर प्रसाद, उम्र 23 वर्ष, निवासी नसरतपुर, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.830 टन स्क्रैप जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 10,54,778 रुपये बताई गई।
तीसरा वाहन: 6 चक्का माजदा क्रमांक CG22U3873 के चालक अभिमन्यु साहू पिता फागुलाल साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी फर्सवानी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कब्जे से करीब 13.040 टन स्क्रैप बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 5,77,020 रुपये है।
चौथा वाहन: 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD29D4325 के चालक अविनाश कुमार पिता स्व. काशीनाथ सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी प्लांट नंबर 989/4258, लक्ष्मीसागर, भुवनेश्वर, जिला खुर्दा, ओडिशा के कब्जे से करीब 25.510 टन स्क्रैप जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 10,83,665 रुपये आंकी गई।
पांचवां वाहन: 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD19C4666 के चालक राकेश कुमार पिता किशुन देव कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी बहराम, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.120 टन स्क्रैप बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 10,24,618 रुपये बताई गई।
छह कार्रवाई में 129.840 टन स्क्रैप जब्त
पूंजीपथरा पुलिस की छह अलग-अलग कार्रवाई में कुल 129.840 टन स्क्रैप जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 53.60 लाख रुपये है। इसके अलावा 6 वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनकी कुल कीमत करीब 68 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्ती करीब 1.21 करोड़ रुपये की हुई है।
पुलिस अब जब्त किए गए स्क्रैप के स्रोत, परिवहन और संभावित खपत के संबंध में आगे जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्क्रैप कहां से लाया गया था और इसे किन प्लांटों में खपाने की योजना थी।
वाहन मालिक और खपत से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, अवैध कबाड़ के परिवहन के मामलों में केवल वाहन चालकों तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। स्क्रैप के स्रोत, वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और जिस स्थान पर माल की खपत की जानी थी, वहां जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक हेमसागर सागर, आदिकंद प्रधान एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कहा- संदिग्ध कबाड़ के परिवहन पर रहेगी नजर
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ चोरी के माल की खपत, अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। कबाड़ के नाम पर चोरी के माल को खपाने अथवा बिना वैध दस्तावेजों के संदिग्ध स्क्रैप का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य चोरी के माल की खरीद-बिक्री और खपत की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
