नेलसनार में बाढ़ के बीच जिला प्रशासन की मानवीय पहल, बाढ़ में फंसे यात्रियों को कराया भोजन
दिन में 150 और रात में करीब 70 यात्रियों को उपलब्ध कराया गया भोजन, राहत-बचाव कार्य में प्रशासन मुस्तैद
बीजापुर । बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत नेलसनार क्षेत्र के समीप भारी वर्षा के कारण उफान पर आए नदी-नालों से राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) पर पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क संपर्क टूटने के कारण मार्ग में दोनों ओर फंसे दर्जनों गाड़ियों और सैकड़ों यात्रियों की सहूलियत तथा खान-पान को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा त्वरित मानवीय पहल करते हुए सभी मुसाफिरों के लिए भरपेट भोजन और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई गई।

बाढ़ के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से 26 सितंबर को दिन के समय मार्ग पर फंसे करीब 150 यात्रियों तथा देर रात तक फंसे रहे लगभग 70 मुसाफिरों के लिए भोजन की पुख्ता व्यवस्था की गई। इस अनपेक्षित आपदा और विपरीत समय में जिला प्रशासन की इस संवेदनशीलता और त्वरित प्रबंध से रास्ते में फंसे लोगों को बहुत बड़ी राहत और मानसिक संबल मिला।

कलेक्टर विश्वदीप के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन एवं निर्देशों के तहत संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार सहित पूरा मैदानी प्रशासनिक अमला मुस्तैदी से जमीनी स्तर पर स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है। बाढ़ प्रभावित संवेदनशील इलाकों में प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा जरूरत के अनुसार भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता तत्काल मुहैया कराई जा रही है।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से विशेष अपील की है कि वे सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाढ़ से प्रभावित जलमग्न मार्गों और उफनते पुल-पुलियों पर अनावश्यक आवागमन करने से बचें तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
