चोरी की स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260928-WA0787

घरघोड़ा पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, चोरी की TVS Jupiter स्कूटी बरामद

रायगढ़ । जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पर्पल रंग की TVS Jupiter स्कूटी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी के मामलों में आरोपियों की पतासाजी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

NTPC World Environment Day

अप्रैल में चोरी हुई थी स्कूटी

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा निवासी विजया पंडा पति नरेश पंडा, उम्र 51 वर्ष, ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 3 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:45 बजे वह अपनी पर्पल रंग की TVS Jupiter स्कूटी क्रमांक CG-13-AR-0852 से हाई स्कूल ग्राउंड घरघोड़ा में वॉकिंग के लिए गई थीं।

उन्होंने अपनी स्कूटी वार्ड क्रमांक 08 स्थित टीचर कॉलोनी के पास खड़ी की थी और वहां से हाई स्कूल ग्राउंड चली गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर उनकी स्कूटी चोरी कर ले गया। वापस लौटने पर स्कूटी नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 4 अप्रैल को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 112/2026 दर्ज करते हुए धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

विवेचना के दौरान थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने चोरी की स्कूटी की तलाश और आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान 27 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा निवासी नवीन मिश्रा चोरी की पर्पल रंग की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्धोराम पटेल ने मौके से संदेही नवीन मिश्रा को पकड़ा। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी के कब्जे से स्कूटी बरामद

पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर चोरी की पर्पल रंग की TVS Jupiter स्कूटी बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद स्कूटी की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपए है। स्कूटी बिना नंबर प्लेट के बरामद की गई है। पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की।

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद आरोपी नवीन मिश्रा पिता शशिकांत मिश्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा, थाना घरघोड़ा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 28 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

चोरी की स्कूटी बरामद करने की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा चोरी की अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की पतासाजी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!