पत्रकारों और एक्टिविस्टों की सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन।

0
IMG-20260928-WA0868

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने सरगुजा-अंबिकापुर में पत्रकारों को निशाना बनाए जाने का उठाया मुद्दा

बिलासपुर। सरगुजा संभाग एवं अंबिकापुर क्षेत्र में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और डिजिटल मीडिया एक्टिविस्टों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (छत्तीसगढ़) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। समिति ने पुलिस महानिदेशक से पत्रकारों एवं एक्टिविस्टों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें कथित रूप से निशाना बनाने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

NTPC World Environment Day

समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं। संगठन का आरोप है कि जब पत्रकार या नागरिक शासन-प्रशासन की व्यवस्था, भ्रष्टाचार अथवा जनहित से जुड़े सवाल उठाते हैं, तो कई मामलों में सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय संबंधित व्यक्तियों के निजी जीवन, चरित्र, परिवार और धर्म को लेकर टिप्पणियां की जाती हैं। समिति ने इसे पत्रकारों एवं एक्टिविस्टों के लिए भय का वातावरण बनाने वाला बताया है।

खुले पत्र का हवाला देते हुए उठाया मुद्दा

प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में सहायक प्राध्यापक एवं एक्टिविस्ट अकिल अहमद अंसारी द्वारा जारी खुले पत्र का संदर्भ भी ज्ञापन में दिया। समिति के अनुसार खुले पत्र में पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सामने आने वाली चुनौतियों और कथित तौर पर किए जा रहे व्यक्तिगत हमलों का मुद्दा उठाया गया है।

समिति ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर ट्रॉलिंग, व्यक्तिगत रंजिश और धमकियों के माध्यम से पत्रकारों एवं एक्टिविस्टों को दबाव में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन ने कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता चल सके और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा सके।

तीन प्रमुख मांगें रखीं

अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें पत्रकारों एवं एक्टिविस्टों को कथित रूप से निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों, भू-माफियाओं, संगठित गिरोहों एवं निजी हमले करने वालों के खिलाफ उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग शामिल है।

इसके अलावा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि वे बिना भय के जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रख सकें। वहीं सोशल मीडिया पर ट्रॉलिंग, चरित्र हनन और धमकी देने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई।

मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से भी कार्रवाई का अनुरोध

अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा गृह मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी सरगुजा क्षेत्र के पत्रकारों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण मिलने पर वे बिना किसी दबाव के निष्पक्ष तरीके से पत्रकारिता कर सकेंगे।

समिति ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक कदम उठाएगा तथा पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

एसपी को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश प्रताप सिंह परिहार, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द शर्मा, अमित संतवानी एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी उत्पल सेनगुप्ता शामिल रहे। समिति ने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता एवं पत्रकारों की सुरक्षा के लिए संगठन आगे भी अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!