एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम की संजू देवी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की
छत्तीसगढ़ की बेटी ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश-प्रदेश का मान बढ़ाया : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर और प्रोत्साहन देगी राज्य सरकार

रायपुर । एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए संजू देवी का आत्मीय अभिनंदन किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ी के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहते हुए उन्हें राज्य सरकार की ओर से 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश-प्रदेश का मान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर छत्तीसगढ़ और पूरे भारतवर्ष का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता प्रदेश की बेटियों, युवा खिलाड़ियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महान प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं में अपार क्षमता और सामर्थ्य मौजूद है। राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि दूरस्थ अंचलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी निखरने के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रोत्साहन मिले, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश-प्रदेश का परचम लहरा सकें।
खिलाड़ियों का समर्पण युवाओं के सपनों को देता है नई उड़ान सौजन्य मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अपने अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर आत्मीय चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ी के खेल के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह प्रदेश के हजारों युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान देती है। गांवों और छोटे शहरों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली संजू देवी की यह सफलता खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे युवाओं के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स में रचा इतिहास उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने अद्भुत खेल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी ने अहम और निर्णायक भूमिका निभाई।
राज्य में खेल और खिलाड़ियों के लिए बन रहा सकारात्मक वातावरण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोहराया कि छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का मुख्य संकल्प है कि प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों से उभरने वाली खेल प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर और मंच उपलब्ध कराए जाएं।
संजू देवी ने राज्य सरकार द्वारा मिले इस भव्य सम्मान, आत्मीयता और 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार से मिला यह संबल उन्हें भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
