सेवा संकल्प अभियान : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा की
रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। जिला मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ और पूरी सफलता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
सेवा ज्योति कलश यात्रा और बहतराई स्टेडियम में मुख्य सभा समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आगामी 7 अक्टूबर को मस्तूरी, बिल्हा, कोटा और तखतपुर विकासखंडों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और आम जनता की सहभागिता के लिए समुचित प्रबंध किए जाएं।

इस कलश यात्रा का भव्य समापन जिला मुख्यालय स्थित बहतराई स्टेडियम में होगा। समापन स्थल पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जहां उपस्थित जनसमूह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को live सुनने और देखने की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

रंगोली और आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता उप मुख्यमंत्री ने ‘‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’’ थीम पर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन आयोजनों में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही, उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘‘आंगन मिलन सेवा’’ कार्यक्रम को एक उत्सव के रूप में मनाने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की अधिकाधिक उपस्थिति पर जोर दिया गया है। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी परामर्श और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
1 अक्टूबर को शासकीय कार्यालयों और अरपा तटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ पहल के तहत उप मुख्यमंत्री ने 1 अक्टूबर को सभी शासकीय कार्यालयों में एक वृहद् स्वच्छता अभियान चलाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय परिसरों के भीतर और बाहर पूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी के प्रमुख घाटों की साफ-सफाई के लिए भी एक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति बैठक के दौरान बिलासपुर Collector संजय अग्रवाल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक एवं सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक ठाकुर, मोहित जायसवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न कार्यक्रमों के नियुक्त नोडल अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अमले के सदस्य उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
