मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से हो रहा समस्याओं का त्वरित समाधान
एक फोन से तपकरा में बहाल हुई जलापूर्ति,करीब 200 परिवारों को मिली राहत
रायपुर । आम नागरिकों की समस्याओं को शासन- प्रशासन तक पहुंचाने और उनके त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 प्रभावी माध्यम बन रही है। हेल्पलाइन के जरिए दर्ज शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम तपकरा में पेयजल की समस्या का समाधान इसका उदाहरण है।

ग्राम तपकरा निवासी ओम प्रकाश ने 26 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 पर गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया था कि लगभग 15 दिनों से गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। मोटर एवं पाइपलाइन में खराबी के कारण जलापूर्ति प्रभावित होने से गांव के करीब 200 घर-परिवारों को पेयजल की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले को संबंधित विभाग एवं स्थानीय अमले के संज्ञान में लाया गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ग्राम तपकरा में संचालित रेट्रो जल प्रदाय योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारा नया मोटर लगाया गया। नया मोटर लगाए जाने के बाद गांव में जलापूर्ति पुनः बहाल हो गई और लंबे समय से पेयजल की समस्या से परेशान करीब 200 परिवारों को राहत मिली।

शिकायत के निराकरण के बाद शिकायतकर्ता ओम प्रकाश से संपर्क कर समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि की भी पुष्टि की गई। इस व्यवस्था से न केवल नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को गति मिल रही है, बल्कि समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लिए जाने से व्यवस्था की जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आम नागरिक और शासन-प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रही है। नागरिक एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद शिकायत संबंधित विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाकर उसके निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है। तपकरा में पेयजल आपूर्ति बहाल होने से यह व्यवस्था नागरिक समस्याओं के समाधान में उपयोगी साबित हुई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
