एसईसीएल में 50वीं त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

0
IMG-20261008-WA1656

सुरक्षित खनन संचालन एवं सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श

बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में 8 अक्टूबर 2026 को 50वीं त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सुरक्षित खनन संचालन, सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा कार्यस्थल पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता खान सुरक्षा महानिदेशालय के उप महानिदेशक, खान सुरक्षा, उत्तर अंचल गाजियाबाद नीरज कुमार ने की। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित खनन के लिए सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा के प्रति सजगता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत किया जा सकता है।

NTPC World Environment Day

प्रबंधन एवं सुरक्षा अधिकारियों की सहभागिता

बैठक में एसईसीएल की ओर से निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी संचालन रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक तकनीकी योजना/परियोजना नृपेन्द्र नाथ उपस्थित रहे। मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष, विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी तथा ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।

खान सुरक्षा महानिदेशालय की ओर से उप महानिदेशक, खान सुरक्षा पश्चिमी अंचल नागपुर बी.बी. सटियार, निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र-I इरफान अहमद अंसारी, निदेशक खान सुरक्षा बिलासपुर क्षेत्र-II अल्ताफ हुसैन अंसारी, निदेशक खान सुरक्षा रायगढ़ क्षेत्र ए. रामबाबू तथा निदेशक खान सुरक्षा जबलपुर क्षेत्र किशोर कुमार दोकुपर्ति सहित पश्चिमी एवं उत्तरी अंचल के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में निदेशक विद्युत पश्चिमी अंचल नागपुर आनंद अग्रवाल, निदेशक विद्युत उत्तर अंचल गाजियाबाद बी. बेहेरा, निदेशक यांत्रिकी उत्तर अंचल गाजियाबाद के. विजय कुमार, निदेशक यांत्रिकी पश्चिमी अंचल नागपुर बालकृष्ण पदार्थी, निदेशक विद्युत पश्चिमी अंचल नागपुर अर्क सोमयाजुलु धूलिपाला तथा निदेशक ओएसएच पश्चिमी अंचल नागपुर डॉ. कौशिक सरकार ने भी सहभागिता की।

सुरक्षा कार्यों एवं आधुनिक तकनीक पर चर्चा

बैठक के दौरान पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से एसईसीएल में किए जा रहे सुरक्षा संबंधी कार्यों एवं पहलों की जानकारी दी गई। इसमें खदानों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन, संभावित जोखिमों की पहचान एवं नियंत्रण, दुर्घटनाओं की रोकथाम, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, आधुनिक सुरक्षा तकनीकों एवं डिजिटाइजेशन के उपयोग तथा सुरक्षा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधकों एवं क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति और किए जा रहे उपायों की जानकारी प्रस्तुत की।

ठेका कर्मियों की सुरक्षा पर जोर

बैठक में ठेका कर्मियों की सुरक्षा, उनके प्रशिक्षण तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन पर विशेष जोर दिया गया। ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखे।

कंपनी सुरक्षा समिति की ओर से आनंद मिश्रा (एचएमएस), संजय सिंह (बीएमएस), बी. धर्मा राव (एटक), कमलेश शर्मा (एसईकेएमएस), इंद्रदेव चौहान (सीटू) तथा अनुप वि. राहाटे (सीएमओआईए) ने प्रतिनिधित्व किया और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव रखे।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी, श्रमिक, ठेका कर्मी एवं कार्यस्थल से जुड़े व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित की जा सकती है। संभावित जोखिमों की समय पर पहचान, प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान खान सुरक्षा महानिदेशालय, एसईसीएल प्रबंधन, कंपनी सुरक्षा समिति, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिभागियों ने सुरक्षित खनन संचालन तथा शून्य दुर्घटना की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!