ग्राम कुकुर्दीकेरा में ग्रामीण स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, वीर शिवाजी क्लब चिंगराजपारा ने मारी बाजी

0
IMG-20261010-WA1539

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

चंद्रप्रकाश सूर्या बोले—‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी; विजेता टीमों को मिले नकद पुरस्कार

मस्तूरी/बिलासपुर। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकेरा में ग्राम युवा संगठन एवं ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने दमखम, अनुशासन और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या तथा जिला पंचायत बिलासपुर की सभापति राधा खिलावन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

NTPC World Environment Day

‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’—चंद्रप्रकाश सूर्या

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि “जो खेलेगा, वही खिलेगा।” खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित खेलो इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, खेल सुविधाओं के विस्तार और युवा प्रतिभाओं को आगे लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।

बेटियों की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा

सूर्या ने छत्तीसगढ़ की कबड्डी प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने संजू देवी, मधु सिदार और गीता यादव का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेलों में निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़कर सफलता हासिल की जा सकती है। खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से नई पीढ़ी भी खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होती है।

जिला पंचायत सभापति राधा खिलावन पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने ग्राम युवा संगठन और ग्रामवासियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

विजेता टीमों को नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेता टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

  • प्रथम स्थान: वीर शिवाजी क्लब, चिंगराजपारा बिलासपुर (ए) — 15,001 रुपये।
  • द्वितीय स्थान: वीर शिवाजी क्लब, चिंगराजपारा बिलासपुर (बी) — 10,001 रुपये।
  • तृतीय स्थान: नवागांव — 7,001 रुपये।
  • चतुर्थ स्थान: मधुबन खुर्द, जिला सारंगढ़ — 5,001 रुपये।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजाराम मरार, परमेश्वर सेन, भूपेंद्र सिंह जगत, बलभद्र केवट, शत्रुघ्न केवट, जीवरखन केवट, दिलहरण पटेल, हेम लाल कन्हैया पटेल, प्रकाश पटेल, चिंतामणि केवट, तुलाराम, गोलू, पूरन पटेल, कुलदीप राज, केसर, ओम प्रकाश यादव, परमेश्वर यादव, पालेश्वर पटेल, योगेश पटेल, संजू पटेल, ओविंद पटेल, चरण पटेल, मंतानू पटेल और देवेंद्र पटेल सहित ग्राम युवा संगठन के सदस्यों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह और सामूहिक सहभागिता की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!