दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त करें, सेवाओं में देरी बर्दाश्त नहीं : सोनमणि बोरा
‘निगम के अफसर रोज सुबह फील्ड में उतरें, अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश’
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने भिलाई नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की

रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने भिलाई नगर निगम के अधिकारियों को नागरिकों को समय पर सेवाएं देने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक ही हमारे कस्टमर हैं, इसलिए सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रोज सुबह अनिवार्य रूप से फील्ड निरीक्षण करने और आगामी दीपावली पर्व से पहले पूरे शहर को कचरामुक्त बनाने के विशेष निर्देश दिए हैं। साथ ही, 15वें वित्त आयोग के तहत चल रहे अधूरे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर गहरी नाराजगी भी जताई है।

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव बोरा ने भिलाई नगर निगम में लंबित पड़े कार्यों और तमाम नागरिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आम नागरिकों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील रवैया अपनाने को कहा। इस महत्वपूर्ण बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और भिलाई नगर निगम की आयुक्त सुरुचि सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
‘रोज सुबह निरीक्षण कर भेजें रिपोर्ट’
समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने सभी जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को कड़ी हिदायत दी कि वे प्रतिदिन सुबह अपने क्षेत्रों का मॉर्निंग विजिट करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करें और कमियों के साथ-साथ कार्यों की प्रगति की पूरी रिपोर्ट निर्धारित व्हाट्सएप या आधिकारिक ग्रुप में साझा करें, ताकि समय रहते उचित और सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
‘दीपावली से पहले शहर को करें कचरामुक्त’
शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बोरा ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि दीपावली के पावन पर्व से पहले हर हाल में भिलाई शहर को कचरामुक्त किया जाए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत कचरा प्रबंधन, कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों (प्रोसेसिंग प्लांट्स) की स्थापना और उनके संचालन से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कचरे के उचित प्रसंस्करण और स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर निगरानी करने पर भी विशेष जोर दिया।
‘अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश’
सोनमणि बोरा ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने, निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं का तत्काल निराकरण करने तथा नियमित मानिटरिंग के माध्यम से सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
‘आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की सुविधाओं का ध्यान रखें’
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते वक्त बोरा ने निर्देश दिए कि आवासों के निर्माण के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की विशेष जरूरतों को सर्वोपरि रखा जाए। उन्होंने आवासों को पूरी तरह सुरक्षित, सुविधाजनक और सभी के अनुकूल बनाने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों के सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। इसके अलावा, शहर में ई-बस सेवा योजना शुरू करने की चल रही तैयारियों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जल संरक्षण और राजस्व वसूली पर जोर
प्रमुख सचिव ने बैठक में जल प्रदाय, जल संरक्षण, मिशन अमृत योजना और शहर के तालाबों के रखरखाव से जुड़े तमाम कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण और भविष्य की संभावित जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिलों और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में और अधिक सुधार लाने को कहा। उन्होंने ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, ई-ऑफिस और डिजिटल व्यवस्थाओं को पूरी तरह प्रभावी बनाने पर भी बल दिया।
‘निदान-1100 की शिकायतों का समय पर करें निराकरण’
प्रमुख सचिव ने निदान-1100 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों से प्राप्त होने वाली शिकायतों की नियमित निगरानी करने और उन्हें तय समय-सीमा के भीतर हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ काम करने और सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी और मुख्य अभियंता राजेश शर्मा सहित नगरीय प्रशासन विभाग, सूडा और भिलाई नगर निगम के तमाम अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता भी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
