केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की पहल से डोंगरगढ़–कटघोरा रेल परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त
रावघाट तक रेल पहुंचना छत्तीसगढ़ के रेल विकास में ऐतिहासिक उपलब्धि, नई परियोजनाओं से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने राज्य में रेल अवसंरचना के विकास को गति देने के प्रयासों को रेखांकित करते हुए डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया।

नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई चर्चा में तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ की रेल संबंधी आवश्यकताओं और लंबित परियोजनाओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन के साथ बस्तर अंचल में रेल नेटवर्क के विस्तार पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। डोंगरगढ़–कटघोरा परियोजना के मूल स्वीकृत अलाइनमेंट के अनुसार कार्य आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।

इसी क्रम में आज ताड़ोकी–रावघाट एवं अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन तथा रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के रेल विकास में महत्वपूर्ण कदम है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचने से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
दल्लीराझरा–रावघाट रेल परियोजना के अंतर्गत लगभग 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण करीब ₹1,628 करोड़ की लागत से पूरा किया गया है। इससे क्षेत्र में यात्रियों की आवाजाही सुगम होने के साथ लौह अयस्क परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
श्री तोखन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बेहतर रेल नेटवर्क केवल परिवहन सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति का भी महत्वपूर्ण आधार है। नई रेल लाइनें और यात्री सेवाएं विद्यार्थियों, श्रमिकों, किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों के लिए अवसरों तक पहुंच आसान बनाने में सहायक होंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार, रेल मंत्रालय और राज्य के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अवसंरचना का विस्तार जारी रहेगा और प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
श्री तोखन साहू ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व और रेल मंत्रालय के सहयोग से प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी का निरंतर विस्तार हो रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
