एनटीपीसी सीपत में कॉपर केबल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आठ आरोपी गिरफ्तार
ब्रिज एंड रूफ कंपनी के सोलर प्रोजेक्ट साइट से चोरी हुआ 2 क्विंटल 11 किलो कॉपर वायर बरामद, ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल भी जब्त
चोरी के तार कबाड़ी को बेचकर रकम आपस में बांटी, पुलिस ने 15,500 रुपए नकद भी किए बरामद

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में निर्माणाधीन फ्लोटिंग सोलर परियोजना के लिए रखे कॉपर केबल वायर की चोरी के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चोरी गए कॉपर केबल वायर की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, एक मोटरसाइकिल और 15,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी के तार जलाकर उनमें से कॉपर निकालने के बाद कबाड़ी के पास बेचे गए थे।

सोलर परियोजना की साइट से गायब हुए थे 12 ड्रम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिन्हा, उम्र 64 वर्ष, निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान में एनटीपीसी टाउनशिप सीपत के क्वार्टर नंबर डी-25 में रहते हैं। वे ब्रिज एंड रूफ कंपनी इंडिया लिमिटेड में कार्यरत हैं। कंपनी की ओर से उज्ज्वल नगर स्थित एनटीपीसी सीपत टाउनशिप के जलाशय-1बी में 26 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है।
परियोजना के साइड ऑफिस में 6 एमएम कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। 16 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता और शक्ति कुमार सूर्यवंशी ने साइट का निरीक्षण किया, तब 12 ड्रम कॉपर केबल वायर गायब मिले। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा केबल चोरी किए जाने की शिकायत पर सीपत थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर मुख्य संदेही हिरासत में
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अन्य संदिग्धों की पतासाजी कर उन्हें भी गिरफ्तार किया।
दीवार फांदकर कार्यालय में घुसे, ई-रिक्शा में ले गए तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अक्टूबर माह की अलग-अलग रातों में कंपनी के कार्यालय की दीवार फांदकर कॉपर केबल ड्रम चोरी किए थे। चोरी में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी के साथ देवी लाल देवार, उमाशंकर सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी, चतुर राम खरे, अनिल कुमार सूर्यवंशी और चंद्रहास सूर्यवंशी शामिल थे।
आरोपियों ने चोरी किए गए केबल ड्रम को चंद्रहास सूर्यवंशी के ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 10 सीडी 7142 में लोड किया। इसके बाद प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में तार जलाकर कॉपर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, निकाले गए कॉपर को नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू के पास बेचा गया। आरोपियों ने कथित तौर पर बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बांट ली।
दो लाख रुपए से अधिक कीमत का कॉपर बेचने का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर लगभग 2,00,106 रुपए में बेचने की बात बताई। बिक्री से मिली रकम में से एक नई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल खरीदने की जानकारी भी सामने आई।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और 15,500 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने बताया कि मामले में आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ये आठ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी (40 वर्ष), निवासी प्रगति नगर सीपत; देवी लाल देवार (40 वर्ष), निवासी प्रगति नगर सीपत; उमाशंकर सूर्यवंशी (36 वर्ष), निवासी नरगोडा आवास पारा; चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी (20 वर्ष), निवासी प्रगति नगर सीपत; चतुर राम खरे (45 वर्ष), निवासी प्रगति नगर सीपत; अनिल कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी नरगोडा आवास पारा; चंद्रहास सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी प्रगति नगर सीपत; और नंद कुमार साहू (45 वर्ष), निवासी झलमला, थाना सीपत को गिरफ्तार किया है।
सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से निर्माणाधीन परियोजना स्थल पर हुई चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी गए कॉपर केबल वायर की पूरी बरामदगी की गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
