ओडिशा से प्रयागराज जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 7 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20261024-WA0970

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

ऑपरेशन निश्चय के तहत सिमगा पुलिस की एनएच-130 पर कार्रवाई, भागने के दौरान डिवाइडर से टकराई गांजे से भरी स्विफ्ट कार

30 किलो 430 ग्राम गांजा, स्विफ्ट-बलेनो समेत 25.41 लाख रुपये की सामग्री जब्त; पायलट कार से कर रहे थे पुलिस की गतिविधियों की रेकी

NTPC World Environment Day

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमगा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गांजा लेकर जा रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन सहित कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, तस्कर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गांजे से भरी कार के आगे एक दूसरी कार को पायलट वाहन के रूप में चला रहे थे।

पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत 23 अक्टूबर 2026 को की गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान महासमुंद और बिलासपुर पुलिस के साथ समन्वय तथा खुफिया सूचना के आधार पर एनएच-130 पर नाकेबंदी की गई थी।

नाकेबंदी देखकर तेज की रफ्तार, डिवाइडर से टकराई कार

पुलिस के मुताबिक, सिमगा पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद स्विफ्ट कार क्रमांक UP70 GE 3782 में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्विफ्ट कार के आगे बलेनो कार क्रमांक UP70 GN 5538 चल रही थी, जिसे पुलिस की गतिविधियों की रेकी के लिए पायलट वाहन के रूप में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सिमगा ओवरब्रिज और एनएच-130 पर नाकेबंदी की। पुलिस टीम को देखकर दोनों वाहनों के चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया। इसी दौरान ग्राम दामाखेड़ा में खुशी वाटिका के पास गांजे से भरी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पत्रकार के सहायक और कथित ग्रामीण चिकित्सक की पहचान का सहारा लेने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपियों में से एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा कथित रूप से ग्रामीण चिकित्सक के तौर पर कार्य करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपनी पहचान और संपर्कों का सहारा लेकर जांच के दौरान बचने का प्रयास किया। हालांकि, इस संबंध में सामने आए तथ्यों की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ओडिशा से गांजे की खेप लेकर प्रयागराज में खपाने की फिराक में था। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े संभावित सप्लायरों, खरीदारों और अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

25.41 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 21 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार की कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये, बलेनो कार की कीमत 6 लाख रुपये और छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन की कीमत 70 हजार रुपये आंकी गई है।

जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 25 लाख 41 हजार 500 रुपये बताया गया है। दोनों वाहनों और मोबाइल फोन की जांच के जरिए तस्करी नेटवर्क के संबंध में और जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं सभी आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में विनीत कुमार भारती (29), करन कनौजिया (23), सुनील कुमार भारती (22), सुखलेन्द्र कुमार नट (35) और राजेंद्र गुप्ता (42) शामिल हैं। ये सभी प्रयागराज जिले के लालापुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा शिवशंकर बिन्द (26) और अनिल कुमार बिन्द (39), निवासी पावरी, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

सिमगा थाना पुलिस ने सभी सात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में गांजे के स्रोत, संभावित खरीदारों और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!