सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन, विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न
12 खेलों में दमखम दिखा रहे सरगुजावासी, संभाग स्तरीय आयोजन 15-20 नवम्बर तक प्रस्तावित
युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को पहचानकर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने की पहल – अरुण साव
रायपुर : छत्तीसगढ़ में दूसरी बार आयोजित हो रहे ‘सरगुजा ओलंपिक’ में इस बार सरगुजा संभाग के 6 जिलों से कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि इस महाकुंभ में महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों की तुलना में 69 हजार 45 अधिक है। संभाग के सभी छह जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। अब इन विकासखंड स्तरीय स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर अपना दमखम दिखाएंगे। इसके पश्चात, जिला स्तर के विजेता आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित संभाग स्तरीय मुकाबलों में अपने-अपने जिलों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की विशेष पहल पर, सरगुजा क्षेत्र के युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने तथा उनकी रचनात्मक एवं खेल प्रतिभाओं को सही पहचान देकर उन्हें पेशेवर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से पिछले वर्ष से ‘सरगुजा ओलंपिक’ की शुरुआत की गई है। इस अनूठी पहल के माध्यम से शासन और आम जनता के बीच एक मजबूत एवं प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने का भी मुख्य लक्ष्य है। इस सोच को धरातल पर उतारने के लिए ही विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर इन भव्य खेल प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन किया जा रहा है।


पंजीयन में महिलाएं रहीं आगे, सूरजपुर जिले से आए सर्वाधिक खिलाड़ी
इस वर्ष के सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक पंजीयन की प्रक्रिया चली थी। इस समयावधि के दौरान कुल 1 लाख 73 हजार 884 पुरुषों और 2 लाख 42 हजार 929 महिलाओं ने अपना पंजीयन कराया। विभिन्न खेलों में भाग लेने के लिए पंजीकृत खिलाड़ियों में महिलाओं की संख्या पुरुष खिलाड़ियों से लगभग 40 प्रतिशत अधिक है, जो महिला सशक्तिकरण और खेल के प्रति उनके उत्साह को दर्शाता है।

सरगुजा ओलंपिक में हिस्सेदारी के मामले में सूरजपुर जिले ने बाजी मारी है, जहाँ से सर्वाधिक 99 हजार 322 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इसके अलावा, बलरामपुर-रामानुजगंज से 91 हजार 995, सरगुजा से 90 हजार 116, जशपुर से 74 हजार 809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) से 33 हजार 676 और कोरिया जिले से 26 हजार 895 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है।
विकासखंड स्तर पर सफल मुकाबले, अब जिला स्तर पर होगी टक्कर
सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में गत 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड (ब्लॉक) स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय स्पर्धाओं में अपनी किस्मत आजमाएंगे। सुरक्षा और खेल नियमों को ध्यान में रखते हुए हॉकी और कुश्ती की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जा रही हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जिला स्तर के मुकाबले पहले ही पूरे हो चुके हैं।
सरगुजा ओलंपिक के तहत जशपुर जिले में 29 और 30 अक्टूबर को जिला स्तरीय मुकाबले निर्धारित हैं। वहीं सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में 3 नवंबर से 5 नवंबर तक तथा सूरजपुर में 4 नवंबर और 5 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताएंसंपन्न होंगी। इसके बाद, सभी छह जिलों के विजेता खिलाड़ियों के बीच 15 नवंबर से 20 नवंबर के मध्य संभाग स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन प्रस्तावित है।
12 रोमांचक खेल विधाएं, सीनियर वर्ग में नहीं है कोई आयु सीमा
सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं को मुख्य रूप से दो आयु वर्गों—जूनियर और सीनियर—में विभाजित किया गया है। जूनियर वर्ग में 14 वर्ष से 17 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए किसी प्रकार की आयु सीमा (आयु का बंधन) नहीं रखी गई है ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।
इस ओलंपिक में कुल 12 प्रमुख खेल विधाओं—एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी—में पुरुषों और महिलाओं के बीच रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी खेल प्रेमियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सरगुजा ओलंपिक की जिला स्तरीय एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मैदान में उतरने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
