बिलासपुर जिले के 1.34 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 22.10 करोड़ रुपये

0
IMG-20261030-WA1172

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किश्त, डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पहुंची राशि

कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों और बड़ी संख्या में किसानों ने देखा सीधा प्रसारण

NTPC World Environment Day

बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत बिलासपुर जिले के 1 लाख 34 हजार किसानों के बैंक खातों में 24वीं किश्त के रूप में 22 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित राष्ट्रीय किसान सम्मेलन से देशभर के पात्र किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि का हस्तांतरण किया। इस अवसर पर बिलासपुर जिले में भी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र एवं राज्य कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सरकंडा के सभागार में आयोजित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा तथा उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया तथा किसानों को योजना के लाभ और कृषि क्षेत्र में संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे मुख्य अतिथि

जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कृषि स्थायी समिति की अध्यक्ष अनुसूया, सहकारिता समिति सभापति जांगड़े कश्यप, अंबिका विनोद साहू, उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे, प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. संजय वर्मा एवं कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा मंचासीन रहे।

इसके अलावा उप संचालक कृषि कार्यालय से सहायक संचालक कृषि कुमारी समिधा यादव एवं सहायक संचालक कृषि बिलासपुर दिव्या गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के सभी वैज्ञानिक एवं कर्मचारी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रगतिशील किसान शामिल हुए।

विकासखंड से लेकर पंचायत स्तर तक हुए आयोजन

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किश्त जारी होने के अवसर पर जिले के सभी विकासखंड कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों एवं कृषि मंडियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही योजना के लाभ, पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।

सालाना छह हजार रुपये की मिलती है सहायता

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण किसान कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किश्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।

ई-केवाईसी और आधार लिंक कराना जरूरी

कार्यक्रम में अधिकारियों ने किसानों को योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी। बताया गया कि किसानों का भू-अभिलेख एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज होना, बैंक खाता आधार से लिंक होना तथा ई-केवाईसी पूर्ण होना आवश्यक है। किसान पीएम-किसान पोर्टल पर उपलब्ध ‘नो योर स्टेटस’ विकल्प के माध्यम से अपनी भुगतान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने किसानों से सभी आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करने की अपील की।

डॉ. शिल्पा कौशिक ने किया मंच संचालन

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर की विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा कौशिक मोदी ने किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वैज्ञानिक डॉ. एकता ताम्रकार ने उपस्थित अतिथियों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के 1.34 लाख किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचने से किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!