बिलासपुर रेंज में ‘ऑपरेशन बाज’ से पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक महीने में 1081 स्थाई वारंटी गिरफ्तार
आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर चला विशेष अभियान, सालों से फरार वारंटियों की धरपकड़; मुंगेली सहित चार जिलों का प्रदर्शन बेहतर, कोरबा और रायगढ़ पीछे
बिलासपुर / मुंगेली । न्यायालयों से जारी स्थाई वारंटों की तामीली नहीं होने के कारण वर्षों से लंबित मामलों के निराकरण की दिशा में बिलासपुर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर रेंज के आठ जिलों में चलाए गए एक माह के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कुल 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इस अभियान में ऐसे वारंटियों को भी पकड़ा गया, जो लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे थे।

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के आठों जिलों में लंबित स्थाई वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया था कि न्यायालयों द्वारा फरार आरोपियों के विरुद्ध जारी किए गए बड़ी संख्या में स्थाई वारंट थानों में वर्षों से लंबित हैं। इनकी तामीली के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए आईजी ने 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अभियान को ‘ऑपरेशन बाज’ नाम दिया गया।

वारंटियों की तलाश के लिए बनाई गई विशेष रणनीति
अभियान के तहत सभी जिलों में लंबित स्थाई वारंटों की समीक्षा कर जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किए गए। पुलिस अधीक्षकों को वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। लंबित वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश से बाहर जैसी अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर उनकी पतासाजी की गई। इसके लिए आधुनिक तकनीक और उपलब्ध सूचनाओं का भी सहारा लिया गया।
सालों से फरार वारंटियों तक पहुंची पुलिस
एक महीने तक चले इस अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। कई ऐसे वारंटियों को पकड़ा गया, जो वर्षों से फरार थे। वहीं जांच के दौरान कुछ वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर संबंधित न्यायालयों में प्रस्तुत किए गए, जिससे लंबित वारंटों के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
मुंगेली सहित चार जिलों का बेहतर प्रदर्शन
आईजी रामगोपाल गर्ग के अनुसार, अभियान के दौरान बिलासपुर रेंज के सभी जिलों में कुल 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इनमें बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने लक्ष्य के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं रायगढ़ और कोरबा जिले अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
अच्छा काम करने वाली टीमों को मिलेगा पुरस्कार
आईजी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है। वहीं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को आगामी अभियानों में सुधार लाने की हिदायत दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाकर स्थाई वारंटियों की धरपकड़ जारी रखी जाएगी। ऑपरेशन बाज की सफलता से न्यायालयों में वर्षों से लंबित उन मामलों के निराकरण की उम्मीद बढ़ी है, जो वारंटों की तामीली नहीं होने के कारण अटके हुए थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
