अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही के विद्यार्थियों का गीत ‘सरगुजा नाचे…’ सोशल मीडिया पर छाया

0
IMG-20261114-WA1622

24 लाख से अधिक व्यूज और 2.10 लाख से ज्यादा लाइक्स के साथ तेजी से लोकप्रिय हो रहा वीडियो

रायपुर, अम्बिकापुर । अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोकगीत ‘सरगुजा नाचे…’ इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। सरगुजा की लोक संस्कृति, स्थानीय बोली और क्षेत्रीय पहचान को दर्शाने वाले इस गीत को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 लाख से अधिक व्यूज और 2.10 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत यह गीत अब सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनकर उभरा है। अपनी मधुर प्रस्तुति, स्थानीय लोकधुनों और सांस्कृतिक रंगों के कारण यह वीडियो बड़ी संख्या में दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। सोशल मीडिया पर लोग न केवल बच्चों की प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं, बल्कि सरगुजा की समृद्ध लोक संस्कृति की भी प्रशंसा कर रहे हैं।

अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही पिछले कई वर्षों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ संगीत, कला और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रहा है। इसी प्रयास का परिणाम है कि विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत आज लाखों लोगों तक पहुंच चुका है और लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहा है।

विद्यालय के संगीत विभाग ने पिछले कुछ वर्षों में विद्यार्थियों को गायन के साथ तबला, ढोलक, हारमोनियम, कांगो और कीबोर्ड जैसे वाद्ययंत्रों का प्रशिक्षण प्रदान किया है। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी अलग पहचान बनाई है।

संगीत शिक्षक के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थान के माध्यम से ‘संगीत विशारद’ पाठ्यक्रम का अध्ययन भी कर रहे हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

पिछले तीन वर्षों के दौरान अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही के विद्यार्थियों ने रामगढ़ महोत्सव सहित विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुति देकर सराहना प्राप्त की है। शास्त्रीय गायन प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

वीडियो की सफलता पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही की छात्रा एवं गीत की प्रस्तुति का हिस्सा रहीं आरती सिंह ने कहा, “सरगुजा की संस्कृति को इतना प्यार मिलना हमारे लिए गर्व की बात है। यह हमारी माटी और भाषा के प्रति लोगों के स्नेह को दर्शाता है।”

आरोही, जिन्होंने गीत में अपनी प्रस्तुति दी है, ने कहा, “लाखों लोगों तक हमारा गीत पहुंचा, यह हमारे लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है। दर्शकों का प्यार हमें आगे बेहतर करने की प्रेरणा देता है।”

नमन तांडे, जिन्होंने गीत में हारमोनियम वादन किया है, ने कहा, “सरगुजा की पहचान को देशभर के लोगों तक पहुंचते देख बहुत खुशी होती है। इस गीत का हिस्सा बनना मेरे लिए यादगार अनुभव है।”

अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही के प्राचार्य ने कहा, “यह उपलब्धि बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हमें खुशी है कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सरगुजा की संस्कृति को लाखों लोगों तक पहुंचाया है।”

‘सरगुजा नाचे…’ की लोकप्रियता यह दर्शाती है कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को उचित अवसर और मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत यह गीत आज सोशल मीडिया पर सरगुजा की सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!